दुमका। झारखंड के दुमका में पेट्रोल छिड़क कर जलाने से जान गंवाने वाली अंकिता का अंतिम संस्कार सोमवार की सुबह दुमका के बेदिया घाट पर किया गया।भारी सुरक्षा के बीच जरूवाडीह से अंकिता की शवयात्रा निकली।शवयात्रा में हजारों लोग शामिल हुए।घर से लेकर श्मशान घाट तक पुलिसकर्मी तैनात थे।लोग आरोपी शाहरुख को फांसी की सजा देने की मांग कर नारेबाजी कर रहे थे।





अंकिता के अंतिम संस्कार के दौरान सांसद सुनील सोरेन, डीसी रविशंकर शुक्ला और एसपी अंबर लकड़ा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।अंकिता को दादा अनिल सिंह ने मुखाग्नि दी।वहीं विभिन्न संगठनों के आह्वान पर सोमवार को भी दुमका का बाजार बंद रहा।





मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस महानिदेशक को एडीजी से मामले की जांच कराने का आदेश दिया है।उन्होंने कहा कि कोशिश रहेगी कि दोषी को कड़ी सजा मिले।वहीं राज्यपाल रमेश बैस ने पुलिस महानिदेशक से सोमवार को फोन पर बात कर मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका की भी जांच करने का आदेश दिया।उन्होंने कहा कि ऐसी घटना शर्मनाक है।





शाहरुख को हवाले करने की मांग





राजधानी रांची के रिम्स से रविवार की रात दुमका से पार्थिव शरीर के पहुंचने से पहले से ही अंकिता के घर जरूवाडीह में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी थी।लोग जेल में बंद आरोपी शाहरुख हुसैन को जनता के हवाले करने की मांग कर रहे थे।





23 को जलायी गयी थी अंकिता





अंकिता के पड़ोस में ही रहने वाले शाहरुख हुसैन ने एकतरफा प्यार में 23 अगस्त 2022 को पेट्रोल छिड़क कर अंकिता को उसके ही घर में ही जला दिया था।





फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई





मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना का फास्ट ट्रैक कोर्ट से निष्पादन करने का निर्देश दिया है।उन्होंने कहा कि ऐसी घटना का समाज में कोई स्थान नहीं है।दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। यह सुनियोजित घटना है और इस पर कैसे अंकुश लगे, इस पर समाज के हर नागरिक को सोचने की जरूरत है।





दुमका गये एडीजी और आईजी





मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद डीजीपी नीरज सिन्हा ने जांच के लिए एडीजी मुख्यालय मुरारी लाल मीणा और सीआईडी आईजी असीम विक्रांत मिंज को दुमका भेजा। सोमवार को ही दोनों अधिकारी दुमका पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।