रांची। आदिवासियों के लिए जनगणना-2021 में अलग सरना धर्म कोड की मांग को लेकर गुरुवार को सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा और आजसू के नेता में शामिल होंगे और प्रतिनिधमंडल का नेकृत्व मंत्री चंपई सोरेन करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनसे बात की है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता सुप्रियो भट्टाचार्य के मुताबिक शिष्टमंडल में झामुमो, कांग्रेस, राजद के साथ-साथ भाजपा, आजसू और वामदल के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे और इन दलों ने अपनी सहमति दे दी है।

आपको बता दें कि नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में 26 सितंबर को सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर जनगणना 2021 में सरना धर्म कोड को शामिल करने के लिए संबंधित ज्ञापन सौंपा था। इससे पहले राज्य सरकार ने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर सरना धर्म कोड को जनगणना में शामिल करने का प्रस्ताव पारित किया था। प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ था।

केंद्रीय गृह मंत्री को सौंपे गए मांग पत्र में सरना धर्म कोड को जनगणना में शामिल करने के कई फायदे बताये गये थे। बताया गया था कि इससेे नीति निर्धारण में कई तरह के लाभ होंगे। विषमताओं को दूर करने में जातिगत आंकड़े की जरूरत है। यह भी कि पिछड़े वर्ग के लोगों को आरक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने में ये आंकड़े सहायक सिद्ध होंगे।