पूर्वांचल सूर्य संवाददाता,घाटशिला।भारत सेवाश्रम संघ द्वारा संचालित प्रणवानंद विद्या मंदिर हिंदी मीडियम स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक राम किशोर मुर्मू को प्रधानाध्यापक पद से पदमुक्त कर दिया गया है। इस आशय का निर्णय सोमवार को विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में लिया गया।
बैठक में विद्यालय प्रबंध समिति के प्रभाकरानंद जी महाराज, शिक्षाविद सिद्धार्थ आनंद जी महाराज, शिक्षक प्रतिनिधि जीतराय टुडू, विधायक प्रतिनिधि जगदीश भकत उपस्थित थे।
बता दें कि बुधवार की शाम विद्यालय के प्रधानाध्यापक राम किशोर मुर्मू एक लड़की के साथ शाम के समय विद्यालय परिसर में रंगे हाथ धराए थे। उस समय ग्रामीणों ने उनकी जमकर धुनाई की थी। बाद में जिला शिक्षा पदाधिकारी के आदेश से उन्हें प्रधानाध्यापक पद से पद मुक्त कर दिया गया। इस संबंध में ग्रामीणों ने अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला से कार्रवाई के लिए शिकायत भी की थी। शिकायत मिलने पर भारत सेवाश्रम संघ द्वारा पहल की गई और प्रबंध समिति के बैठक बुलाई गई। बैठक में राम किशोर मुर्मू को प्रधानाध्यापक पद से पदमुक्त और शिक्षक पद से चयन मुक्त कर दिया गया। उन्हें इस बात की सूचना स्कूल प्रबंधन समिति ने डाक के माध्यम से भेजने का निर्णय लिया। इसके साथ ही साइबू चरण महतो को वरीयता के आधार पर प्रधानाध्यापक बनाया गया। प्रबंध समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि विद्यालय सामान्य दिनों की तरह चलेगा। साथ ही एक सप्ताह के भीतर प्रबंध समिति की फिर से बैठक होगी,जिसमें विद्यालय के शिक्षक गोस्तु बिहारी गोराई मामले पर चर्चा भी होगी। इसके अलावा विद्यालय में कक्षा 11वीं व 12वीं की पढ़ाई शुरू करने पर भी चर्चा होगी। विधायक प्रतिनिधि जगदीश भकत ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रबंध समिति की बैठक में सभी शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों को नियमित रूप से और निर्धारित समय पर आने का आदेश भी दिया गया। इस मौके पर शिक्षक रंजन भकत, बेबी टुडू, ममता गोरी, गुरुचरण मार्डी, लिपिक घासीराम भकत उपस्थित थे।





