इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने खूंटी के उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
मामला दो पत्रकारों के विरुद्ध कर्रा के बीडीओ व सीओ द्वारा प्राथमिक दर्ज कराने का
विशेष संवाददाता,खूंटी।इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (झारखंड प्रदेश)के महासचिव एवं पब्लिक 24 न्यूज चैनल के निदेशक देवानंद सिन्हा को प्रेस क्लब खूंटी द्वारा जानकारी प्राप्त हुई कि खूंटी जिले के दो पत्रकार सोनू अंसारी और गुंजन कुमार द्वारा 25 नवंबर को उत्तरकाशी के टनल में फंसे मजदूरों से संपर्क कर समाचार संकलन कर उसे प्रकाशित किया गया था। समाचार प्रकाशित करने के पांच दिनों के बाद खूंटी के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी द्वारा दोनों पत्रकारों के विरुद्ध कर्रा थाने में संगीन आरोप लगाते हुए दिनांक 30/11/2023 को कांड संख्या 92/23 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
देवानंद सिन्हा के मुताबिक समाचार प्रकाशित होने के पांच दिनों के बाद इस तरह की कार्रवाई कहीं न कहीं दुर्भावना से ग्रसित लग रही थी। उन्होंने कहा कि पत्रकारों द्वारा महिला पदाधिकारी से दुर्व्यवहार और रंगदारी की बात बिल्कुल बेबुनियाद है। सरकारी कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा पहुंचाने की बात भी सरासर गलत है। जब संबंधित पदाधिकारी मजदूरों के घर मौजूद थे, उस समय का वीडियो भी उपलब्ध है, जिससे पता चलता है कि इस तरह की घटना नहीं घटी है। पत्रकार सिर्फ अपना कर्तव्य का पालन कर रहे थे। तत्पश्चात देवानंद सिन्हा ने रांची इकाई के जिलाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह एवं जिला सचिव रफी समी तथा अन्य पत्रकारों से वार्ता किया,जिसमें सभी ने एकमत होकर कहा कि खूंटी के पत्रकार अपने कार्य के प्रति संवेदनशील हैं और जिले के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं,लेकिन दुर्भावना से ग्रसित होकर प्रखंड के पदाधिकारी द्वारा इस तरह की कार्रवाई करना लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमले जैसा प्रतीत होता है,जिसके बाद शनिवार को इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन झारखंड प्रदेश के प्रतिनिधि देवानंद सिन्हा ने उपायुक्त लोकेश मिश्रा से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा।





