इंस्टाग्राम में विवाद होने के बाद युवक को घर बुलाकर किया चाकू से हमला
हमलाकर आरोपी ने खुद कराया स्थानीय डॉक्टर से इलाज, लगवाए टांके
थाने में शिकायत करने पर पुलिस ने भेजा इलाज के लिए अस्पताल
प्रतिनिधि,जमशेदपुर। जुगसलाई थाना अंतर्गत पुरानी बस्ती रोड निवासी मो. शहबाज पर शनिवार की सुबह 11 से 11:30 बजे के बीच उसी बस्ती के रहने वाले आरोपी मो. मुस्तफा और मो. कैफ ने चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जबकि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद घायल शहबाज को स्थानीय डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। जहां उसके जख्म पर डॉक्टर ने टांके भी लगाए। जिसके बाद घायल शहबाज ने मामले की शिकायत थाने में जाकर की। जहां से पुलिसकर्मियों ने उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा।
मामले में घायल मो. शहबाज ने बताया कि वह अपने भाई के साथ साक्षी स्थित वेल्डिंग दुकान में काम करता है और शनिवार छुट्टी होने के कारण वह घर पर ही था। इसी दौरान मो. मुस्तफा व मो. कैफ उसके घर पर आए और काम का बहाना बताकर उसे बुलाकर अपने साथ मो. मुस्तफा के घर ले गए। इस दौरान घर पर महिलाएं भी मौजूद थीं। वहीं घर पर जाते ही मो. मुस्तफा ने चाकू निकालकर सीधे उसपर हमला कर दिया। जिसमें मो. कैफ ने भी उसका साथ दिया। हमले से शहबाज के दाहिने कंधे में गहरा जख्म हो गया। जिससे से खून भी निकलने लगा। जिसके बाद दोनों आरोपी उसे लेकर जुगसलाई गौरीशंकर रोड स्थित डॉक्टर अहमद के क्लीनिक लेकर पहुंचे। जहां शहबाज के जख्म को साफ कर डॉक्टर ने टांके भी लगाए। मामले से जुड़े पहलू पर शहबाज ने बताया कि शनिवार सुबह 11 बजे उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर आरोपी मो. मुस्तफा की मौसेरी बहन का भद्दा मैसेज आया था। जिसपर उसने कमेंट भी किया। जिसको लेकर ही उसपर चाकू से जानलेवा हमला किया गया है। आरोपी की मौसेरी बहन उसके साथ जुगसलाई स्थित सर सैयद इंग्लिश स्कूल में पढ़ती थी। जिसके कारण दोनों में जान पहचान भी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





