रांची।प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को बैंकों से 75 करोड़ रुपए के लोन घोटाले में बड़ी कार्रवाई की है।ईडी ने एक साथ सरावगी ब्रदर्स एंड डेवलपर्स से जुड़े मामले में रांची के अलग-अलग बिल्डरों व चार्टर एकाउंटेंट के नौ ठिकानों पर छापेमारी की है।ईडी ने रांची के इलिका इस्टेट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक संतोष जैन के फ्लैट से 3 करोड़ और बिल्डर गौतम मोदी के फ्लैट से 41 लाख रुपए नकद बरामद किए है। दोनों रांची मेन रोड के पॉश ब्लेयर अपार्टमेंट में रहते हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ईडी टीम ने कांके रोड में बिल्डर ज्ञान सरावगी के यहां छापेमारी की। यहां से बैंक खातों से जुड़े कागजात, निवेश से जुड़े पेपर समेत कई महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए गए। ईडी की टीम ने इलिका इस्टेट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक संतोष जैन व आकाश अडुकिया के यहां से भी महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए। ईडी के अधिकारियों को पूरे मामले में कई अहम कागजात मिले हैं और करोड़ों के निवेश का भी सबूत मिला हैं।अधिकारियों ने जब्त की गई नकदी के बारे में पूछताछ भी की,लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।ईडी अब इस संबंध में आयकर विभाग से पत्राचार करेगी। आयकर विभाग अलग से इस मामले में कार्रवाई करेगा।

ईडी ने किशोरगंज चौक समृद्धि अपार्टमेंट में सरावगी बिल्डर्स एंड डेवलपर्स के कार्यालय में भी छापेमारी की। ईडी की टीम एसजी एक्सोटिका के संचालक गौतम मोदी और सुभाष मोदी के ब्लेयर अपार्टमेंट और पलाश अपार्टमेंट ठिकानों पर गई थी। वहां से भी कागजात बरामद किए गए। बैंक लोन घोटाले में ईडी ने चार्टर्ड एकाउंटेंट अनीश अग्रवाल के एसजी एक्सोटिका आवास पर भी छापेमारी की।

आपको बता दें कि राजधानी रांची में बैंक आफ इंडिया की लालपुर शाखा समेत अलग अलग बैंकों से सरावगी बिल्डर्स एंड डेवलपर्स ने 75 करोड़ से ज्यादा के लोन की निकासी की थी। इसके बाद सीए अनीश अग्रवाल की मदद से बिल्डरों ने इन पैसों को अलग अलग खातों में ट्रांसफर करवा दिया था। इस मामले में सीबीआई ने पहले केस दर्ज कर चार्जशीट भी दायर की थी। सीबीआई की चार्जशीट के आधार पर ईडी ने इस केस में अलग से मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।