रांची।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)ने टेंडर प्रकिया में गड़बड़ी कर मनी लाउंड्रिंग के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बरहेट विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा,इनके करीबी डहू यादव, बच्चू यादव समेत सभी 14 लोगों को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया है।ईडी ने शनिवार से संबंधित लोगों के घर पहुंच कर नोटिस तामिल करने का काम शुरू कर दिया है।पहले दिन आधा दर्जन से ज्यादा लोगों के यहां नोटिस रिसीव करा दिया गया था।





दो पेज के नोटिस में निर्धारित तिथि को ईडी के राजधानी रांची के जोनल ऑफिस में अपना पक्ष रखने के लिए संबंधित व्यक्ति को उपस्थित होने की बात कही गई है। ईडी ने नोटिस में किसी को 14 तो किसी 15 इसी महीने अपना पक्ष रखने का समय दिया है। बताया जाता है कि नोटिस उन्हीं लोगों को जारी किया गया है, जिनके यहां ईडी की टीम ने शुक्रवार को छापेमारी की थी।ईडी ने छापेमारी में तीन करोड़ 11 लाख नकद के साथ कुछ कागजात और 32 मोबाइल अपने कब्जे में लिया हैं।ईडी फॉरेंसिक एक्सपर्ट से मोबाइल की सीडीआर और व्हाट्सएप चैट की जांच करवा रही है।





ईडी सूत्रों के अनुसार छापेमारी में मिले तथ्यों के संबंध में सभी से पूछताछ की जाएगी। अवैध खनन और उससे संचालन में भी पंकज मिश्रा समेत अन्य की भूमिका सामने आयी है। ऐसे में संताल में अवैध खनन के संबंध में भी ईडी पूछताछ करेगी।





शुक्रवार को भी हुई थी पंकज मिश्रा से पूछताछ





अवैध खनन व उसके संचालन में भी पंकज मिश्रा समेत अन्य की भूमिका सामने आयी है। ऐसे में संताल परगना में अवैध खनन व स्टोन चिप्स क्रशरों के संचालन के संबंध में भी ईडी पूछताछ करेगी। इस छापेमारी में रुपए और करोड़ों के निवेश की जानकारी मिली है। ईडी ने शुक्रवार को भी पंकज मिश्रा से पूछताछ की थी, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया था।