रांची।झारखंड में अवैध खनन घोटाले मामले में गिरफ्तार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा से पूछताछ के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू को भी समन जारी किया है।





अभिषेक प्रसाद को समन कर 1 अगस्त को ईडी कार्यालय बुलाया गया है।इससे पहले पंकज मिश्रा से 6 दिनों तक रिमांड पर पूछताछ में ईडी को अवैध खनन मामले में अभिषेक प्रसाद के बारे में भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली है।इस पूछताछ में ईडी को पंकज मश्रिा और अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू के बीच हुई बातचीत का विवरण भी मिला है, इसी आधार पर ईडी की टीम ने अभिषेक को समन जारी किया है।





इससे पहले ईडी ने 19 जुलाई को पंकज मिश्रा को पूछताछ के लिए राजधानी रांची स्थित कार्याल में बुलाया था और 8 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। जिसके बाद ईडी की विशेष अदालत ने छह दिनों के लिए रिमांड पर लेकर पूछताछ की अनुमति दी थी, वहीं रिमांड अवधि समाप्त हो जाने के बाद आज पंकज मिश्रा को ईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया। विशेष अदालत ने ईडी के आग्रह पर रिमांड अवधि को छह दिनों के लिए और बढ़ा दिया है।





ईडी ने पंकज मिश्रा के खिलाफ अवैध खनन और टेंडर विवाद से जुड़े मामले में छानबीन शुरू की थी, जिसके बाद पंकज मिश्रा पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है और अब सीएम के एक अन्य सहयोगी अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू की मुश्किलें भी बढ़ने वाली है।