विशेष संवाददाता,रांची। उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में जिला समन्वय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त रांची, दिनेश कुमार यादव, निदेशक डीआरडीए रांची, रामवृक्ष महतो, जिला पंचायती राज पदाधिकारी रांची, वीरेंद्र चौबे, जिला योजना पदाधिकारी रांची, विनय कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा रांची, रवि शंकर मिश्रा, जिला के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।





बैठक में उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा द्वारा निम्न निर्देश दिए गए





उपायुक्त रांची राहुल कुमार सिन्हा ने सभी प्रखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना को ससमय पूरा करने के लिए सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि एक-एक आवास जो इस योजना से बन रहे हैं, उसे फील्ड में जा कर देखें। प्रत्येक दिन मॉनिटरिंग करें कि निर्माण कार्य कैसा चल रहा है। उपायुक्त ने विशेष रूप से बुंडू, लापुंग, तमाड़, चान्हो, मांडर, बुढ़मू प्रखंड को ध्यान देने का निर्देश देते हुए इसे तय सीमा में पूरा कराने को कहा।





उपायुक्त ने बाबा भीम राव अम्बेडकर आवास योजना निर्माण में तेजी लाने का निर्देश सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों को देते हुए कहा कि जितने मामले लंबित हैं, उसे जल्द से जल्द पूरा करें। चान्हो, कांके, तमाड़, बेड़ो, नामकुम के प्रखंड विकास पदाधिकारियों को इस महीने के अंत तक इसे पूरा कराना सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जो इस फंड का गलत उपयोग कर अन्य कार्य कर रहे हैं, उनपर प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा।





उपायुक्त ने कुआं निर्माण में विशेष ध्यान देने के लिए सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार का यह महत्वपूर्ण योजना है।ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान लाभ ले सकें। जिससे उन्हें सिंचाई और अन्य कार्य करने में सहायता हो। उन्होंने तमाड़, ओरमांझी, लापुंग, बुढ़मू, खलारी, इटकी, चान्हो, मांडर, बुंडू, रातू के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।





उपायुक्त ने शहीद पोटो खेल विकास योजना, जिसमें खेल मैदान, चेंजिंग रूम, टॉयलेट का निर्माण होना है, इ उसमें तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रखण्ड में तेज़ी से काम करते हुए 3 महीने के अंदर पूरा कराना सुनिश्चित करें।





उपायुक्त ने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना का लाभ सभी प्रखंडो में देना एवं इसे तय सीमा के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने रांची जिला के सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों को कहा कि यह राज्य सरकार की अतिमहत्वपूर्ण योजना है,जिसे पूरा कराना सब अधिकारियों की जिम्मेदारी है।इसका लाभ सभी योग्यताधारी को मिले।





उपायुक्त द्वारा नेशनल मॉनिटरिंग सिस्टम में मनरेगा मजदूरों की उपस्थिति दर्ज कराना सुनिश्चित एवं जिन प्रखंडो में उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रहा है उन्हें ट्रेनिंग दिलाने का निर्देश दिया गया।





उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में बिरसा हरित ग्राम योजना में लक्ष्य के अनुरूप योजनाओं का चयन एवं स्वीकृति प्रदान करने तथा बागवानी योजना हेतु 20 अप्रैल 2023 से गड्ढा खोदो अभियान चलाने का निर्देश दिया।ताकि बरसात से पहले पौधे लगाये जा सके। उपायुक्त ने बुढ़मू, बुंडू, नगड़ी, लापुंग, ओरमांझी, राहे के प्रखंड विकास पदाधिकारियों को विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।





उपायुक्त ने सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों को अमृत सरोवर 15 अगस्त से पहले तैयार करने के निर्देश देते हुए तालाब के लाभुकों का चयन जल्द से जल्द कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने योजना का प्रचार-प्रसार करने और पानी का व्यय सुनिश्चित कराने और योजना की मॉनिटरिंग करने को कहा।





उपायुक्त ने फूलो झानो योजना की सक्सेस स्टोरी बनाने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया।





उपायुक्त ने आयुष्मान कार्ड बनाने का निर्देश देते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को इसे रूटीन बेस पर करते रहने। साथ ही हर महीने रिव्यू करने को कहा।





उपायुक्त ने आदर्श ग्राम के तहत लहना एवं सुडरी में योजना बनाने का निर्देश संबंधित अधिकारी को दिया। साथ कहा कि जितने योजना बन रहे हैं, उसे जमीनी स्तर पर पूरा कराना सुनिश्चित करेंगे।





उपायुक्त ने जितने सर्वजन पेंशन संबंधित आवेदन प्रखण्डों में लंबित हैं, उन्हें जल्द स्वीकृति देने, पंचायत स्तर पर सैचुरेशन सर्टिफिकेट (सम्पूर्ण आच्छादन प्रमाण पत्र) बनाने।





सर्वजन पेंशन योजना (60+), सर्वजन पेंशन योजना (निराश्रित), सर्वजन पेंशन योजना (दिव्यांग) पेंशन देने के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया।





उपायुक्त ने 15वें वित्त आयोग में टाइड एवं अनटाइड की सभी योजना लेने का निर्देश सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को दिया।





उपायुक्त ने ग्राम पंचायतों में पेय जल सुविधाओं स्थिति के आंकलन हेतु प्रति ग्राम जो गूगल शीट जो उपलब्ध कराया गया है,जिसे वार्ड सदस्य और जल सहिया के सहयोग से भरा जाना है। जिले में चिरागी राजस्व ग्राम -1319 में मात्र 67 ग्राम का ही प्रतिवेदन भरा गया है। इसे एक सप्ताह के अंदर युद्ध स्तर पर भरने का निर्देश दिया। ताकि गर्मी में पेयजल की समस्या का निदान किया जा सके।