प्रतिनिधि,जमशेदपुर।उपायुक्त विजया जाधव के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण एवं चौर्य व्यापार के विरुद्ध जिला उत्पाद प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए संयुक्त छापेमारी अभियान में बिरसानगर थाना अंतर्गत लुपुंगडीह व हुरलुंग जंगल, गोविंदपुर थाना अंतर्गत मनपीटा जंगल और एमजीएम थाना अंतर्गत कालाझोर में चल रहे कुल 5 अवैध महुआ चुलाई भट्टियों को ध्वस्त किया गया। वहीं छापामारी के क्रम में बना हुआ अवैध शराब भी बरामद किया गया। साथ ही अवैध भट्टियों के आसपास जमीन में गड़े ड्रमों में भरे जावा महुआ को टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। जबकि छापेमारी की भनक लगते ही भट्टी संचालक मौके से फरार होने में सफल रहे। जिनके विरुद्ध विरुद्ध मामला भी दर्ज किया गया। छापेमारी के दौरान टीम ने 220 लीटर महुआ शराब के साथ साथ 38000 किलो जावा महुआ भी जब्त किया है।