साइंस सिटी में व्यवस्था का लिया जायजा





प्रशिक्षण ले रहे मत्स्य कृषक मित्रों से उपायुक्त ने की बात





प्रशिक्षण के सामूहिक लाभ पर ध्यान दें:उपायुक्त





विशेष संवाददाता





रांची। उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने सोमवार को चिरौंदी स्थित साइंस सिटी और शालीमार, धुर्वा स्थित मत्स्य किसान प्रशिक्षण केन्द्र का निरीक्षण किया। दोनों स्थानों पर व्यवस्था से संबंधित जानकारी लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।





उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा द्वारा साइंस सिटी में उपकरणों के संबंध में जानकारी ली गयी। तारामंडल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रतिदिन चलने वाले शो के बारे में पूछा। संबंधित पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि प्रतिदिन चार शो चलाये जाते हैं। उपायुक्त ने कहा कि दो वर्ष के लंबे अंतराल के बाद साइंस सिटी खुलने से बच्चों में उत्सुकता है, यहां आनेवाले बच्चों को अच्छी जानकारी मिले ये आवश्यक है, उन्होंने तारामंडल में शो की संख्या बढ़ाये जाने की भी बात कही। उपकरणों आदि के रखरखाव को लेकर भी उपायुक्त द्वारा आवश्यक जानकारी ली गयी।





मत्स्य पालन के क्षेत्र में उपलब्धियों को सराहा





शालीमार धुर्वा स्थित मत्स्य किसान प्रशिक्षण केन्द्र में उपायुक्त ने मत्स्य पालन, मत्स्य बीज उत्पादन, केज कल्चर पालन, रंगीन मछली पालन, मत्स्य मित्रों के प्रशिक्षण आदि की जानकारी ली। जिला मत्स्य पदाधिकारी द्वारा उपायुक्त को विस्तार से अनुसंधान केन्द्र में होनेवाली गतिविधियों की जानकारी दी गयी।





उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने प्रशिक्षण पा रहे मत्स्य मित्रों से भी बात की। प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार आपको बेहतर प्रशिक्षण देकर रोजगार के लिए प्रेरित कर रही है। अपने आसपास के लोगों को मत्स्यपालन के लिए प्रेरित करें, इस बात पर ध्यान दें कि आपके प्रशिक्षण से सामूहिक लाभ हो। मत्स्य निदेशालय द्वारा मछली उत्पादन के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों और उपलब्धियों को उपायुक्त ने सराहा।