उपायुक्त ने देर रात्रि केजीबीवी और सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण





केजीबीवी में कुव्यवस्था देख वार्डन और किचेन इंचार्ज को लगाई फटकार, सुरक्षा व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी





सदर अस्पताल के निरीक्षण में पाई कई खामियां, अस्पताल प्रबंधक को फटकार लगाते हुए दो दिनों के अंदर व्यवस्था सुधारने का दिया निर्देश





प्रतिनिधि,जमशेदपुर। बीते मंगलवार की देर रात्रि लगभग 11 बजे जिले की उपायुक्त विजया जाधव सुंदर नगर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का अचानक औचक निरीक्षण करने पहुंची। इस दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और कुव्यवस्था देखकर नाराजगी जताते हुए वार्डन एवं किचेन इंचार्ज को जमकर फटकार लगाई।





निरीक्षण के दौरान उन्होंने रात्रि प्रहरी को ड्यूटी स्थल पर मौजूद नहीं पाया। जबकि किचेन व स्टोर रूम में सभी चीजें अस्त व्यस्त होने के साथ साथ गंदगी भी फैली हुई थी। खाने के बर्तन गंदे पड़े हुए थे और पका हुआ भोजन भी खुले में रखा पाया गया था। उन्होंने विद्यालय परिसर में बिजली का दुरूपयोग होते भी पाया। वहीं उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान पाई खामियों को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को शो कॉज भी किया है। साथ ही केजीबीवी वार्डन एवं किचेन इंचार्ज को डीईओ द्वारा शो कॉज करते हुए संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर आगे विधि सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया है।





इसी क्रम में उपायुक्त मध्य रात्रि परसुडीह खासमहल स्थित सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंची। इस दौरान अस्पताल परिसर की साफ सफाई, होम गार्ड व आउट सोर्सिंग स्टाफ की गैर मौजूदगी, मरीज के साथ बिस्तर पर उनके परिजनों के सोते हुए पाए जाने पर उन्होने सख्त नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रबंधक को फटकार लगाई। उनके द्वारा मौके पर ड्यूटी रोस्टर की मांग भी की। जिसे वहां मौजूद कर्मी प्रस्तुत नहीं कर सका। जबकि इमरजेंसी में दो दिनों से मरीजों के एडमिट होने की जानकारी भी उन्हें मिली।पूरी कुव्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उपायुक्त द्वारा अस्पताल प्रबंधक को दो दिनों में व्यवस्था सुधारने का निर्देश भी दिया गया। अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी भी दी।





निरीक्षण के दौरान उपायुक्त लगभग डेढ़ घंटे तक अस्पताल परिसर में ही मौजूद रहकर सभी वार्डों में घूम घूम कर वस्तुस्थिति को देखा। साथ ही उन्होंने मरीजों से उनका हाल चाल भी जाना।अस्पताल में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी भी उनसे ली।मौके पर एसडीओ धालभूम पीयूष सिन्हा, डीएसई निशु कुमारी और कार्यपालक दंडाधिकारी ज्योति कुमारी भी उपस्थित थे।