उपायुक्त ने माननीय उच्च न्यायालय में जिले के लंबित मामलों की समीक्षा की, कंटेम्प्ट केस का निबटारा एक सप्ताह के अंदर हर हाल में करें





न्यायालय के मामलों पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जवाबदेही तय हो परियोजनाओं से संबंधित मामले का निष्पादन आपस में समन्वय स्थापित कर करें:उपायुक्त





प्रतिनिधि,चतरा। माननीय उच्च न्यायालय झारखंड में जिले के वादों को ससमय निबटारा के लिए उपायुक्त अबु इमरान ने विभिन्न विभागों के प्रधानों के साथ समाहरणालय के सभागार में बैठक की। विभागवार लंबित वादों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निदेश दिया कि वे इन मामलों का समाधान जल्द से जल्द करते हुए न्यायालय में काउंटर शपथपत्र दायर करें। साथ ही उन्होंने कहा कि लंबित मामलों से विभागीय छवि धूमिल होती है।उन्होंने साफ शब्दों में निदेश दिया कि एक सप्ताह के अंदर हर हाल में कंटेम्प्ट वादों का निबटारा हो। न्यायालय के लंबित मामलों छोड़ लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने गंभीर और जटिल मामलों को अविलंब उनके संज्ञान में देने की भी बात कही ताकि ससमय उसका हल निकाला जा सके। वहीं सीसीएल पिपरवार आम्रपाली समेत अन्य परियोजनाओं से संबंधित लंबित मामलो की भी उन्होंने समीक्षा कर अंचल अधिकारी, भू अर्जन पदाधिकारी एवं परियोजनाओं के संबंधित को आपस में समन्वय स्थापित कर मामले का निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने अंचल स्तर पर, अनुमंडल स्तर पर, एवं अपर समाहर्ता स्तर पर लंबित मामलो की समीक्षा करते हुए नियमानुसार निष्पादन करने का निर्देश दिया।





बैठक में मुख्य रूप से अपर समाहर्ता पवन कुमार मंडल, भू अर्जन पदाधिकारी गौरांग महतो, संबंधित विभाग के पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, परियोजनाओं के संबंधित समेत अन्य सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।