प्रतिनिधि, मेदिनीनगर,पलामू। उपायुक्त शशि रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को जिला खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक की गयी।बैठक में अवैध माइनिंग पर पूर्ण रूप से रोक लगाने की दिशा में उपायुक्त ने सभी को बेहतर समन्वय बनाते हुए कार्य करने की बात कही। इसी के तहत उन्होंने तीनों एसडीओ को अपने क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी करने पर बल दिया। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र के पदाधिकारी को अपने एरिया में विशेष चौकसी बरतने की बात कही।इसके अलावा उपायुक्त ने कहा कि सभी अंचलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि वैध माइनिंग भी तय एरिया में ही किया जाये।





बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार को सभी अनुमंडल पदाधिकारी,वन प्रमंडल पदाधिकारी,सभी सीओ व थाना प्रभारी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध खनिज परिवहन में लिप्त वाहन एवं उनके मालिकों पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही थाना प्रभारी को अवैध खनन और भंडारण के मामलों में प्राथमिक दर्ज करने की बात कही। मौके पर खनन टास्क फोर्स से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।