प्रतिनिधि,जमशेदपुर।उलीडीह थाना अंतर्गत संकोसाई रोड नंबर 3 निवासी सिविल कांट्रेक्टर सुनील पांडेय का अपहरण विगत 12 दिसंबर को हुआ था। एक बार फिर से मामले में पुलिस का कहना है कि सुराग हाथ लगा है।जिसके तहत पुलिस शहर के बाहर छापेमारी भी कर रही है। साथ ही पुलिस को इस बार लग रहा है कि शायद सफलता हाथ लग जाएं।पुलिस को आरोपियों का नया लोकेशन मोबाइल नंबर ट्रैक करने से हाथ लगा है।





उलीडीह थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार कर ठेकेदार को सुरक्षित बरामद करने के लिये छापेमारी की जा रही है। इससे पहले सिविल कांट्रेक्टर की तलाश में पुलिस टीम ओड़िशा, बंगाल और झारखंड में छापेमारी कर चुकी है। पुलिस को जहां कहीं से भी सुराग हाथ लग रहा है। वहां पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जबकि अपहरण की घटना का एक माह से ज्यादा समय हो गया हैं। जिस कारण परिजन यह जानना चाह रहे हैं कि आखिर पुलिस क्या कर रही है। पुलिस मामले को गंभीरता से क्यों नहीं ले रही है।





बताते चलें कि फोन करने वाले आरोपियों ने पहले दिन कहा था कि रुपये कहां पहुंचाना है। इसकी जानकारी दे दी जाएगी। जिसके बाद आरोपियों ने दो दिनों बाद दोबारा फोन किया था। मगर पुलिस आरोपी का अब तक पता नहीं लगा पाई है। इधर अपहरण की घटना के बाद से ही परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान है। वे मीडिया से भी सवाल-जवाब करने से नहीं चूक रहे हैं। जबकि परिजन एसएसपी ऑफिस के बाहर धरना देकर भूख हड़ताल करने की चेतावनी भी एसएसपी को दे चुके हैं।