प्रतिनिधि,लावालौंग (चतरा)। जनता की हिफाजत करने एवं रखवाले कहे जाने वाले पुलिसकर्मियों की करतूत से कानून व्यवस्था शर्मसार हो रही है।ज्ञात हो कि लावालौंग थाना के एएसआई नागेश्वर पंडित का घूस लेते रंगे हाथ वीडियो वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार सिलदाग पंचायत के एक पति पत्नी के बीच आपसी विवाद का मामला थाना पहुंचा था।यह मामला थाना के एएसआई नागेश्वर पंडित के पास था।यहां मामले को तूल पकड़वाते हुए एएसआई नें एक पक्ष को डरा धमका कर पैसों की मांग कर दी। वायरल वीडियो में उक्त पक्ष की ओर से थाना की चापलूसी करते हुए सिलदाग पंचायत के पंचायत समिति सदस्य के पति सह पारा शिक्षक विनोद राम को देखा जा रहा है।विनोद एक पक्ष से पैसों की वसूली करते हुए एएसआई को दे रहे हैं,जो वीडियो में देखा जा रहा हैं।उक्त विषय के बारे में एक पक्ष से पूछे जाने पर बताया कि एएसआई द्वारा पांच हजार रुपये की मांग की गई थी।परंतु कहने पूछने के बाद एएसआई नें मुझसे चार हजार रुपये लिए। नागेश्वर से पूछे जाने पर उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि मामले को मैंने सुबह से शाम तक सुलझाया था।इसलिए खुश होकर उक्त पक्ष नें मुझे मिठाई खाने के लिए मात्र एक हजार रूपए दिए थे।उक्त संबंध में थाना प्रभारी बमबम कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मैं दो दिनों की छुट्टी पर हूं।जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।





