प्रतिनिधि,जमशेदपुर। जिला सभागार में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नंदकिशोर लाल की अध्यक्षता में बुधवार गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह के आयोजन को लेकर बैठक का आयोजन हुआ। उक्त बैठक में अपर उपायुक्त जयदीप तिग्गा, निदेशक एनईपी ज्योत्सना सिंह, डीसीएलआर धालभूम रविन्द्र गागराई, जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार, डीएसपी सीसीआर अनिमेष गुप्ता समेत अन्य भी मौजूद रहे। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन बिस्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में होगा। साथ ही इस वर्ष परेड में 7 टुकड़ियों को शामिल करने का निर्णय भी लिया गया है। जिसमें एक टुकड़ी जैप-6 दो टुकड़ी जिला पुलिस बल, एक टुकड़ी सहायक पुलिस और एक एक टुकड़ी बालक/बालिका एनसीसी की शामिल होंगी। वहीं परेड में बैंड पार्टी के रूप में संत मैरी इंग्लिश हाई स्कूल की टीम अपनी प्रस्तुति देगी। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा झांकी निकालने का निर्णय भी लिया गया है। मगर बच्चों द्वारा निकाली जाने वाली प्रभात फेरी की अनुमति नहीं दी गई।





बैठक में उपस्थित सार्जेंट मेजर को परेड में शामिल हो रही सभी टुकड़ियों को परेड पूर्वाभ्यास कराने का निर्देश भी दिया गया। परेड में शामिल टुकड़ियों का पूर्वाभ्यास 21, 22, 23 व 24 जनवरी को होगा। इस दौरान 24 जनवरी को ही परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल गोपाल मैदान में किया जाएगा। जिसका निरीक्षण उपायुक्त और एसएसपी द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। जबकि गोपाल मैदान में मुख्य समारोह के आयोजन संबंधी तैयारियों के लिए आयोजन समिति गठित की गई। जिसमें अपर जिला दंडाधिकारी (विधा व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, महाप्रबंधक जमशेदपुर टाउन सर्विसेज जुस्को, पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय 1 को मुख्य रूप से शामिल किया गया है।





बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी राजेश पांडेय, जिला कृषि पदाधिकारी मिथिलेश कालिंदी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नेहा संजना खलखो, सभी कार्यपालक दंडाधिकारी, धालभूम अनुमंडल, एलडीएम, जुस्को/टाटा कंपनी के प्रतिनिधि समेत अन्य पदाधिकारी एवं स्टेक होल्डर उपस्थित रहे।