विशेष संवाददाता,रांची। स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार, राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों के द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर तरीके से लागू करने एवं लोगों के बीच चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के लिए हर महीने की 14 तारीख को प्रत्येक हेल्थ एवं वैलनेस सेंटर पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। भारत का सबसे पहला हेल्थ एवं वैलनेस सेंटर 14 अप्रैल 2018 में खोला गया था,जिसकी पांचवी वर्षगांठ पूरे देश में मनाई गई।





इसी क्रम में शुक्रवार को रांची जिला अंतर्गत स्वास्थ्य मेला के प्रोत्साहन हेतु साइकिल रैली तथा बैलून उड़ाकर आइईसी कार्यक्रम किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (मारवाड़ी कॉलेज) के स्वयंसेवकों द्वारा साइकिल रैली निकाली गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्टेट नोडल ऑफिसर एनसीडी सेल डॉ ललित रंजन पाठक थे।





इस कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. शशिभूषण खलको (एसीएमओ), डॉ. असीम कुमार मांझी, डॉ. अजिमुरब मुस्तफी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस कार्यक्रम में मारवाड़ी कॉलेज रांची के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी अनुभव चक्रवर्ती, जिला कार्यक्रम प्रबंधक समरेश सिंह, सदर अस्पताल प्रबंधक डॉक्टर जोरन एस. कंडलना द्वारा साइकिल चलाकर लोगों को प्रोत्साहित किया गया।





स्वास्थ्य कार्यक्रम के जागरूकता एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु प्रत्येक माह के 14 तारीख को झारखंड के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में स्वास्थ्य मेला के आयोजन का निर्णय स्वास्थ्य विभाग द्वारा लिया गया है। कार्यक्रम के दौरान सरोज कुमार, सुशांत कुमार, जिला परामर्शी, अभिषेक कुमार, कार्यक्रम सहयोगी, सतीश कुमार, सोशल वर्कर, टाटा ट्रस्ट के नीरज कौशिक द्वारा भी भाग लिया गया