प्रतिनिधि ,बड़कागांव। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी खान सुरक्षा महानिदेशालय के तत्वावधान में 66वां खान सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। 15 दिसंबर से 24 दिसंबर 2023 तक चलने वाली इस सप्ताह के पांचवें दिन बुधवार को पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना का खान सुरक्षा निदेशक, डीजीएम एस अफताब अहमद एवं उनकी टीम ने निरीक्षण किया।
खान सुरक्षा निदेशक पहले पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना के सीकरी स्थित कार्यालय पहुंचे।जहां पर उन्होंने सुरक्षा सप्ताह में हो रही गतिविधियों का जायजा लिया। कार्यालय में सुरक्षा संबंधित विषयों पर चर्चा के बाद निदेशक एवं उनकी टीम पकरी बरवाडीह माइंस की पीट ऑफिस पहुंच। जहां उनका स्वागत पगड़ी पहना कर परंपरागत झारखंड की संथाली नृत्य के साथ किया गया।
मौके पर अधिकारियों ने सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए लगाए गए स्टॉल्स का निरीक्षण किया एवं जानकारियां ली। तत्पश्चात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलवाई गई और उसके बाद नाटक एवं अन्य नृत्य,संगीत सुरक्षा संदेश को ध्यान में रखते हुए प्रस्तुत किए गए।
इस मौके पर मुख्य अतिथि अफताब अहमद एवं उनकी टीम के अलावा एनटीपीसी, एमडीओ त्रिवेणी सैनिक के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि सुरक्षा हमारे पहली प्राथमिकता है।भले ही उत्पादन कम हो जाए या कुछ भी हो जाए,लेकिन हम सुरक्षा से कभी भी समझौता नहीं करते हैं।अधिकारियों ने परियोजना में दुर्घटना रहित माहौल पर जोर देते हुए कहा कि हम नियर मिस पर बल दे रहे हैं,जिससे आगे सीख लेते हुए दुर्घटनाओं से बचा जा सके। इस विशेष मौके पर मुख्य अतिथि अफताब अहमद ने पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना की सुरक्षा संबंधित कदमों की प्रशंसा की और कहा कि सुरक्षा संबंधित स्टॉल्स लगाना और लोगों को साधारण भाषा में इसकी जानकारी देना पकरी बरवाडीह की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इस मौके पर संगीत नृत्य एवं नाटक की भी प्रशंसा की,जिसके माध्यम से लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
एक सप्ताह तक चलने वाले इस सुरक्षा सप्ताह में पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना के द्वारा सुरक्षा से संबंधित कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किया जा रहे हैं जो कर्मचारियों की सुरक्षा पर निहित है।





