रांची।राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के शिबू सोरेन से राजधानी रांची स्थित उनके घर पर औपचारिक मुलाकात कर राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन करने का अनुरोध किया।मुलाकात के दौरान द्रौपदी मुर्मू के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल, अर्जुन मुंडा और अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद थीं।
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने औपचारिक रूप से अभी तक 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू और यशवंत सिन्हा को समर्थन देने का ऐलान नहीं किया है।मुर्मू और सोरेन दोनों आदिवासी नेता हैं और संथाल जातीय समूह से ताल्लुक रखते हैं।जिसकी झारखंड के साथ-साथ ओडिशा में भी बड़ी आबादी है।
आपको बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू सोमवार को राजधानी रांची दौरे पर थीं।मुर्मू का रांची में भव्य स्वागत किया गया। भगवान बिरसा मुंडा की धरती पर एनडीए एवं अन्य विधायकों का समर्थन मांगने के लिए मुर्मू सोमवार को रांची एयरपोर्ट से सीधे स्टेशन रोड स्थित होटल बीएनआर पहुंचीं। रांची एयरपोर्ट से उनकी गाड़ी में पूर्व सीएम रघुवर दास और केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा मौजूद थे।होटल बीएनआर में भाजपा एवं आजसू के विधायक और सांसदों ने उनका जमकर स्वागत किया।इस दौरान मुर्मू ने तमाम राजनीतिक दलों से राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपने समर्थन में वोट करने की अपील की।दोपहर को मुर्मू ने बीएनआर चाणक्य में भाजपा और आजसू विधायकों और सांसदों के साथ बैठक भी की।
राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाने के बाद की अपनी मनोस्थिति के बारे में बताया
द्रौपदी मुर्मू ने एनडीए के विधायक-सांसदों के साथ बैठक कर राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें समर्थन देने का आग्रह किया।मुर्मू ने न केवल झारखंड में बतौर राज्यपाल बिताए समय को याद करते हुए अनुभव को साझा किया बल्कि राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाने के निर्णय के बाद की अपनी मनोस्थिति से भी अवगत कराया।मुर्मू ने भावुक होअर कहा कि जब उन्हें पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाने की बात कही तो उन्होंने कहा कि कैसे वे इतने बड़े पद को वे संभालेंगी। उस पर पीएम मोदी ने कहा कि आप निश्चिंत रहें देश आपके साथ है।होटल बीएनआर में आयोजित बैठक में भाजपा और आजसू के विधायक-सांसदों ने एक स्वर से द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन देने का आश्वासन दिया।
इस बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश, भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो,सांसद विद्युत वरण महतो, बीडी राम, सुनील सोरेन, पीएन सिंह, संजय सेठ, आदित्य साहू, आजसू के चंद्रप्रकाश चौधरी मौजूद थे। वहीं, विधायकों में पूर्व मंत्री सीपी सिंह, नीलकंठ सिंह मुंडा, अमर बाउरी, रामचंद्र चंद्रवंशी, अनंत ओझा, रणधीर सिंह, राज सिन्हा, नीरा यादव, समरीलाल, नवीन जायसवाल, भानू प्रताप शाही, ढुल्लू महतो और आजसू के लंबोदर महतो के अलावा निर्दलीय विधायक अमित यादव सहित एनडीए के कई विधायक सांसद, भाजपा कोर कमेटी के कई सदस्य मौजूद थे।





