वरीय संवाददाता





रांची। झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के रेलवे उप समिति की बैठक चेयरमैन विकास विजयवर्गीय एवं को-चेयरमैन संदीप नागपाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को चैम्बर भवन में हुई। बैठक में रेलवे से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। यह कहा गया कि पहले सीनियर सिटीजन्स को किराए पर छूट दी जाती थी जो कोरोना काल से बंद कर दी गई है। हमारी मांग है कि इस सेवा को पुनर्बहाल किया जाय जिससे बुजुर्ग यात्रियों को राहत मिल सके। यह भी कहा गया कि दक्षिण भारत की ओर जानेवाली ट्रेनों में जल्द आरक्षण उपलब्ध नहीं हो पाता जिससे काफी कठिनाई होती है। ऐसे में दक्षिण भारत की ओर जाने के लिए नई ट्रेन का परिचालन शुरू किया जाना चाहिए। इस बात पर भी चर्चा हुई कि स्टेशनो पर ऑटोचालक जो स्टेशन के अन्दर घुसकर नागरिकों से जबरदस्ती करते हैं, जिनसे आम नागरिकों को परेशानी होती है, इसकी समीक्षा की जानी चाहिए।





बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने दिल्ली-हावड़ा की तर्ज़ पर रांची-हटिया स्टेशन पर भी आईआरसीटी लाउन्ज की स्थापना करने और रांची में जोनल कार्यालय स्थापित करने की भी मांग की गई। यह भी सहमति बनाइ गई कि शीघ्र ही चैम्बर द्वारा मंडल रेल प्रबंधक से मिलकर अपनी बातों को रखा जायेगा।बैठक में उप समिति के चेयरमैन विकास विजयवर्गीय, को-चेयरमैन संदीप नागपाल, प्रवक्ता श्रीमती ज्योति कुमारी, अरुण जोशी, शम्भू प्रसाद, तरुण नागपाल, किशन अग्रवाल उपस्थित थे।