प्रतिनिधि,जमशेदपुर।एसएसपी प्रभात कुमार ने शहर समेत पूरे जिले में डिजिटल बीट सिस्टम व ऑनलाइन ट्रैकिंग को लागू कर दिया है। वहीं गुरुवार साकची थाना परिसर स्थित सीसीआर में एसएसपी ने इसकी शुरुआत की।इस सिस्टम के तहत जमशेदपुर समेत पूरे जिले के 1500 जगहों पर बार कोड लगाया गया है। जबकि साकची और बिष्टुपुर में यह व्यवस्था गुरुवार रात्रि से ही शुरू हो जाएगी।
एसएसपी ने इस सिस्टम की शुरुआत गुरुवार की शाम कंपोजिट कंट्रोल रूम से की है। पीसीआर वैन और टाइगर मोबाइल जवान समेत गश्त पर निकलने वाले सभी लोगों को बारकोड एक्सेस करना होगा और जिसके कारण कंट्रोल रूम समेत सभी अधिकारियों को पता रहेगा कि कौन सी गाड़ी गश्त कर रही है, कौन पुलिसकर्मी गश्त पर है, वह कहां गश्त कर रहा है। दिन व रात मिलाकर कितनी जगह गश्त हुई है और कौन सा क्षेत्र ऐसा है जहां अभी पुलिस गश्त करने नहीं पहुंची है। या फिर वह क्षेत्र बराबर गश्त से छूट रहा है।
कंपोजिट कंट्रोल रूम में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि इस सिस्टम के तहत एसपी सिटी के. विजय शंकर, एएसपी शुभांशु जैन, एडिशनल एसपी समेत सभी पुलिस अधिकारी गश्त करने वाली पुलिस टीम की निगरानी कर सकते हैं। साथ ही यह भी पता लगा सकते हैं कि कौन सी टीम कहां पर है।
एसएसपी ने बताया कि अभी देश के किसी भी जिले में ऐसी व्यवस्था की जानकारी उन्हें नहीं है और पहली बार शहर में यह व्यवस्था लागू की जा रही है। उन्होंने बताया कि शहर समेत पूरे जिले में पीसीआर की 30 बड़ी गाड़ियां के अलावा हाईवे पेट्रोलिंग भी है। जबकि 50 बाइक टाइगर मोबाइल पुलिसकर्मी गश्त करते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस की सभी गाड़ियों में जीपीएस लगा हुआ है। जिससे पता चल सकेगा कि कौन सी गाड़ी कितनी देर से कहां खड़ी हुई है। अगर कोई गाड़ी आधे घंटे से अधिक एक जगह पर खड़ी रहती है तो इसके बारे में पता लगाया जाएगा कि वहां वह क्यों खड़ी हुई है। जिसपर पुलिस अधिकारी कार्रवाई भी करेंगे।
एसएसपी ने बताया कि आने वाले दिनों में इस सिस्टम में कई नए फीचर्स भी जोड़े जाएंगे। उन्होंने बताया कि सिटी एसपी के. विजय शंकर का ई बेस्ड पेट्रोलिंग सिस्टम को तैयार करने में बड़ा योगदान रहा है। वैसे इस सिस्टम को विकसित करने में पूरी टीम का योगदान है और इसमें कई लोगों ने मिलकर साथ काम भी किया है।





