प्रतिनिधि,जमशेदपुर। कदमा भाटिया बस्ती विजया हेरिटेज के बगल में स्थित अंबेडकर पार्क में रविवार बाबा साहब अंबेडकर पार्क संचालन समिति के आमंत्रण पर देश के बहुजन समाज के कद्दावर नेता चंद्रशेखर आजाद रावण का आगमन हुआ। इस दौरान सबसे पहले उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जिसके बाद संचालन समिति के प्रमुख राजकुमार दास द्वारा गुलदस्ता भेंटकर उन्हें सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षक नेता सुनील कुमार ने उन्हें शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही एससी, एसटी, ओबीसी माइनॉरिटी मंच के रविंद्र रजक व गणेश राम को सावन मुखी द्वारा बुके देकर सम्मानित किया गया। जबकि मौके पर उपस्थित अतिथियों को नीला गमछा देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद रावण ने कहा कि अपने हक और अधिकार प्राप्ति के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की जरूरत है। उन्होंने शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि सभी लोग संविधान का अध्ययन कर बाबा साहब द्वारा संविधान के रूप में हमें जो अस्त्र दिया गया है, उसका प्रयोग कर समाज में स्वतंत्रता, समानता और भाईचारा स्थापित करने के लिए पूरे जोर-शोर से जुट जाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक समाज के दबे, कुचले, शोषित, वंचित, पीड़ित वर्ग के लोग समाज की मुख्यधारा में नहीं आएंगे, तब तक हमारा देश विकास नहीं कर सकता। वहीं कार्यक्रम में स्वागत भाषण शिक्षक नेता सुनील कुमार ने दिया। जबकि कार्यक्रम का संचालन राजकुमार दास ने किया। मौके पर हरि बालक प्रसाद, छोटू पासवान, राजकुमार राय, बुद्धदेव करूआ, मिथलेश रजक, विनोद रजक, लखविंदर करुवा, मुन्ना राम, वकील यादव, राजू दास, सावन मुखी, बालेश्वर दास, राजेंद्र राम, जय कुमार, शिवलाल पासवान, अशोक पासवान, रीना दास, अरविंद रजक समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।





