प्रतिनिधि,जमशेदपुर।कदमा बाजार पूजा दुकान में सोमवार की सुबह लगभग 7:45 बजे अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।आग से लगभग 25 दुकानें और गोडाउन जलकर राख हो गई। आग लगने की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद टाटा स्टील और झारखंड अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई। सूचना पाकर टाटा स्टील की दमकल गाड़ी बाजार में पहुंची। मगर बाजार में दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किए जाने के कारण दमकल गाड़ी को वापस घुमाकर मेन रोड लाना पड़ा। जिसके बाद ही दमकल कर्मियों ने आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। एक के बाद एक मौके पर झारखंड अग्निशमन विभाग और टाटा स्टील की 6 दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और साले 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस दौरान गल्ला दुकान, लेडीज कॉर्नर, टेलर दुकान, गिफ्ट दुकान, कपड़ा दुकान, जूते चप्पल के गोडाउन समेत लगभग 25 दुकानें जलकर खाक हो गई। घटना के बाद बाजार में मौजूद कुछ लोग आग लगने का कारण नशा करने के दौरान चिंगारी से लगने की बात कही। जबकि कुछ लोगों ने कहा कि खाना बनाने के दौरान ही पूजा दुकान में आग लगी और 5 किलो का गैस सिलेंडर फटने के कारण ही आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। लोगों ने सिलेंडर फटने की जोरदार आवाज भी सुनी।
सबसे पहले आग झोपड़ी नुमा पूजा दुकान में लगी और देखते ही देखते उसने 25 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं आगलगी की घटना से दुकानदारों को लाखों का नुकसान हुआ है। साथ ही दुकानदार जितेंद्र कुमार का आग बुझाने की कोशिश के दौरान दाहिना हाथ भी झुलस गया। आग कैसे लगी, इसका सही कारण अब तक पता नहीं चल पाया है। मगर इस पूरी घटना में गौर करने वाली बात यह है कि दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण सही समय पर पहुंचने के बावजूद टाटा स्टील की दमकल बाजार के अंदर नहीं घुस सकी। वहीं अगर दमकल को घुसने का रास्ता मिल जाता तो बहुत सारे दुकानों को जलने से बचाया जा सकता था। मगर बहुत अफसोस की बात है कि दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण आज उन्हीं के लिए काल बन गया। सिर्फ कदमा बाजार ही नहीं, बल्कि शहर के सभी बाजारों में इसी तरह का अतिक्रमण दुकानदारों द्वारा किया गया है। जिस पर जिला प्रशासन को समय रहते ध्यान देना चाहिए। नहीं तो एक बड़ी घटना के होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
भुक्तभोगी दुकानदार और नुकसान
1. राहुल चंद्रा, गिफ्ट कॉर्नर व कॉस्मेटिक आइटम - 5 से 6 लाख
2. दीपक जाल, टेलर सह कपड़ा दुकान - 5 से 7 लाख
3. विनय कुमार सोनी, टेलर दुकान - 4.5 लाख
4. कपिल लाल, मसाला दुकान, बेटे पवन लाल की
तनख्वाह के 4500 रुपए और 30 हजार का सामान
5. गुरुपदो दास, लेडीज कॉर्नर - 3 लाख
6. उमेश सिंह, पूजा दुकान - 50 हजार
7. शैलेश सिंह, पूजा दुकान - 1 लाख
8. गीता देवी, दीपावली सामान गोडाउन - 1.5 लाख
9. अरविंद सिंह, पूजा दुकान - 1 लाख
10. छोटू लाल, पूजा दुकान - 3.5 लाख
11. मेहि लाल, पूजा दुकान - 70 से 80 हजार
12. अमित कम्युनिकेशन, मोबाइल कंप्यूटर दुकान - 3 लाख
13. हरविंदर सिंह भाटिया, होजरी दुकान - 10 से 15 लाख
14. सनातन चंद्रा, लेडीज कॉर्नर व कॉस्मेटिक दुकान - 2.5 से 3 लाख
15. विवेक विशाल उर्फ बबलू, बैग व जूता दुकान - 3 लाख
16. अधिवक्ता संजय सिंह की दुकाननुमा कार्यालय - मुकदमे से जुड़ी फाइलें जली
17. देवेंद्र नाथ चटर्जी उर्फ पंडित जी, गला दुकान - 4 से 5 लाख
18. जितेंद्र कुमार, जयप्रकाश स्टोर गल्ला दुकान - 25 से 30 लाख
19. गोपाल साहू, शिवकमल स्टोर गल्ला दुकान - 30 लाख
20. टिंकू, रोड फ्रेंड शु जूता और चप्पल गोडाउन - 20 से 25 लाख
21. चंदन कुमार लाल की तीन दुकान - हजारों में
22. एक अन्य टेलर दुकान - हजारों में





