प्रतिनिधि,जमशेदपुर।कदमा थाना अंतर्गत वर्कर्स फ्लैट नंबर 22 सी ब्लॉक में देर रात्रि लगभग 2 बजे 38 वर्षीय टुंपा चौधरी नामक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी पाकर बेल्डीह क्लब में कार्यरत पति गणेश चौधरी ने महिला को उतारकर ऑटो से टीएमएच पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद महिला के शव को अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया गया।सोमवार की सुबह घटना की लिखित शिकायत पति समेत अन्य ने थाने में जाकर दी। जिसके बाद पुलिस टीएमएच पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया।





मामले में पति गणेश चौधरी का कहना है कि रविवार को पत्नी टुंपा चौधरी और वे एक ही कमरे में सोए हुए थे। जबकि बेटा और बेटी नानी व मौसी के पास गए हुए थे। घर में दोनों अकेले ही थे। देर रात्रि जगने पर उन्होंने देखा की पत्नी कमरे में नहीं है। जिसके बाद उन्होंने दूसरे कमरे में पत्नी को आवाज लगाई। जहां वह दरवाजा बंद कर अंदर बैठी हुई थी। ऐसा करने का कारण पूछने पर उसने कहा कि उसे ठीक नहीं लग रहा है और वे चल जाएं। वह बाद में आ जाएगी। वहीं काफी देर तक जब पत्नी कमरे से बाहर नहीं आई तो उन्होंने पुनः उसे आवाज लगाई। मगर अंदर से पत्नी के बोलने की आवाज नहीं आई। जिसके बाद अनहोनी की आशंका को लेकर वे बालकनी के रास्ते दूसरे कमरे में गए तो उन्होंने पत्नी को चुनरी के सारे पंखे पर लटका हुआ पाया।उन्होंने पत्नी को आनन-फानन में फंदे से उतारकर फ्लैट में मौजूद ऑटो चालक की मदद से टीएमएच पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने पत्नी को मृत घोषित कर दिया।





गणेश चौधरी ने कहा कि पत्नी को बीते 7-8 सालों से साइकोलॉजी की बीमारी थी। उसका इलाज रांची के रिम्स अस्पताल में भी कराया था। वह देर तक खाना नहीं खाती थी और खाने के लिए कहने पर वह मुझ पर गुस्सा भी हो जाती थी। इसी बात को लेकर कभी-कभी हम दोनों के बीच कहासुनी भी हो जाती थी।





मामले में टुंपा चौधरी के छोटे भाई पश्चिम बंगाल आसनसोल निवासी सोमित्रो मंडल ने कहा कि 20 साल पहले बहन टुंपा की शादी गणेश के साथ हुई थी। दोनों का एक 17 साल का बेटा और एक 12 साल की बेटी भी है। वहीं रविवार की रात्रि 12 बजे उसे बहन ने मोबाइल पर फोन कर कहा कि अब उसे जीने की इच्छा नहीं है और वह खुदकुशी कर लेगी। वह गणेश के साथ नहीं रहना चाहती है। दोनों में झगड़ा भी होता था। गणेश कह रहा है कि बहन ने सोफे पर चढ़कर फांसी लगाई है। मगर बहन की ऊंचाई कम थी और वह सोफे पर चढ़कर फांसी कैसे लगा सकती है। जबकि पंखा बहुत ऊपर में है। बहन ने आत्महत्या की है या फिर उसकी हत्या की गई है, यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। वह चाहता है कि अब बेटा-बेटी गणेश के साथ ही रहे और गणेश उन दोनों की परवरिश करें। फिलहाल पुलिस ने पति के बयान पर थाने में एक अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है।