रांची।कैश कांड में शामिल कांग्रेस के निलंबित तीन विधायक डॉ इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोंगाड़ी और राजेश कच्छप के खिलाफ दलबदल की शिकायत पार्टी ने की है।विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने नोटिस जारी किया है।तीनों की विधायकी खत्म करने के लिए कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम की अनुशंसा पर यह नोटिस भेजा गया है।

एक सितंबर को स्पीकर ने तीनों विधायकों को अपना पक्ष रखने को कहा है। स्पीकर ने अपने अधिवक्ता या मेल के माध्यम से जवाब विधानसभा को भेजने का निर्देश दिया है।





आलमगीर आलम ने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि तीनों ने तीन अन्य विधायक कुमार जयमंगल, भूषण बाड़ा व शिल्पी नेहा तिर्की को सरकार गिराने के लिए ऑफर दिया था। इसके लिए मंत्री पद और 10-10 करोड़ की पेशकश की गई थी। इन विधायकों ने इसकी लिखित शिकायत की है।इस आधार पर डॉ इरफान, नमन विक्सल और राजेश की विधानसभा की सदस्यता खत्म करने की कार्रवाई की जाए। इधर निलंबित तीनों विधायकों ने कहा है कि जिस आरोप में नोटिस दिया गया है वह गलत है। उनपर जो आरोप लगाए गए हैं वे भी बेबुनियाद हैं। वे तीनों एक सितंबर को अपना जवाब विधानसभा अध्यक्ष को दे देंगे।





समिति को भेजा जवाब





तीनों विधायकों ने कांग्रेस अनुशासन समिति को नोटिस का जवाब शुक्रवार को भेज दिया है। इसके साथ-साथ कांग्रेस के झारखंड प्रभारी, संगठन प्रभारी और विधायक दल के नेता को भी जवाब भेजा है। इन्हें कोलकाता में 49 लाख रुपए के साथ गिरफ्तार किया गया था।





विधायक को पास मिले थे 49 लाख कैश, हुए थे गिरफ्तार





कोलकाता ग्रामीण पुलिस ने एक चेकिंग अभियान के दौरान इरफान अंसारी, विक्सल कोंगाड़ी और राजेश कच्छप को कैश को साथ पकड़ा था। इन विधायकों के पास से 49 लाख रुपये कैश मिले थे। इसके बाद इनकी गिरफ्तारी हुई। पूरे मामले की जांच कोलकाता सीआईडी कर रही है।फिलहाल ये विधायक कोलकाता हाईकोर्ट के आदेश के बाद जमानत पर बाहर है़, लेकिन इनको कोलकाता में ही रहने को कहा गया है।





गिराना होता तो पहले गिरा देता सरकार: कोंगाड़ी





नमन विक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि सरकार गिराना होता तो पहले ही गिरा सकते थे। एक बार उनके साथ कई विधायकों को ऑफर मिला था। उन्होंने तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष को इसकी जानकारी दी थी। उन पर लगाए जा रहे आरोप झूठे हैं। पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में काम किया और पार्टी ने बड़ा सम्मान दिया है।





क्षमा करें और जनता से दूर नहीं करें: इरफान





इरफान अंसारी ने कहा कि उनपर जो आरोप लगाए जा रहे हैं और जिसे आधार बनाकर नोटिस दिया गया है वह गलत है। पार्टी को गलत फीडबैक दिया गया है। बावजूद वे पार्टी से क्षमा मांगते हैं। विधायकी खत्म कर जनता से दूर नहीं किया जाए।





जिनके लिए वोट मांगा, वे लगा रहे आरोप: राजेश





राजेश कच्छप ने कहा कि जिनके लिए जनता के पैर छू-छू कर वोट मांगा वे आरोप लगा रहे हैं कि उन्हें हमने ऑफर दिया। उन्होंने कहा है कि उन्हें साजिशन फंसाया गया है। ऐसे में उन लोगों की सुनी जाए। पार्टी जैसा कहेगी वैसा करेंगे। राजेश ने कहा कि वे लोग कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय, संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम को भी अपना पक्ष रखेंगे।