मथुरा।तीर्थ नगरी श्रीधाम मथुरा-वृंदावन में साल 2022 के अंतिम दिन ठा. श्री बांकेबिहारी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है।नए साल पर तीर्थ नगरी के विभिन्न मंदिरों में खास आयोजन की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। बांकेबिहारी मंदिर को नए साल की पूर्व संध्या पर जहां रंग बिरंगे गुब्बारों और फूलों से सजाया गया है तो वहीं ठाकुरजी को नयनाभिराम पोशाक धारण कराई जाएगी।इस्कॉन मंदिर भी बदला-बदला सा नजर आएगा। शनिवार को ठाकुर श्रीबांके बिहारी मंदिर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा।
बता दें कि तीर्थ नगरी श्रीधाम मथुरा-वृंदावन में ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर सहित मुख्य मंदिरों में बड़े पैमाने पर श्रद्धालु पहुंचे हैं।ठा. श्रीबांकेबिहारी मंदिर में सुगंधित इत्र छिड़का जा रहा है।पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश आदि राज्यों और विदेशों से भी श्रद्धालु वृंदावन पहुंचे हैं।होटल एसोसिएशन के मुताबिक वर्तमान में वृंदावन के आश्रम, गेस्टहाउस और धर्म शालाओं के कमरे फुल हो चुके है।
25 लाख श्रद्धालुओं के आने की है संभावना
पिछले वर्षो में देखें जाए तो पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक दिसंबर 2021 में ब्रज में 18 लाख श्रद्धालु आए थे। इस वर्ष ये आंकड़ा 25 लाख से ज्यादा पहुंचने का अनुमान है। कोरोना काल के पीक वर्ष 2020 में भी ब्रज पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 91 लाख 26 हजार 481 रही थी। इसमें 23 हजार 481 विदेशी श्रद्धालु थे।
श्रद्धालु मित्र करेंगे भक्तों को गाइड
नए साल पर वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन ने हर तिराहे हर चौराहे पर श्रद्धालु मित्रों को तैनात किया हैं।जिलाधिकारी पुलकित खरे ने बताया कि श्रद्धालु मित्रों से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ प्रेम पूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालु मित्र एनसीसी, एनएसएस, स्काउट और नेहरू युवा केंद्र से जुड़े हुए युवा हैं।
श्रद्धालुओं के लिए बनेंगे फैसिलिटी सेंटर
31 दिसंबर और 1 जनवरी को वृंदावन में होने वाली भीड़ को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ठा. श्रीबांके बिहारी मंदिर के पास अस्थाई फैसिलिटी सेंटर बनाने जा रहा है। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त क्रांतिशेखर सिंह ने बताया कि वीआईपी पार्किंग और विद्यापीठ चौराहे के पास झुनझुन वाला कोठी में यह सेंटर बनाए जा रहे हैं। यहां लोगों के बैठने के लिए कुर्सी, दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था होगी।
वृंदावन स्थित इस्काॅन मंदिर में नववर्ष मनाने के लिए देश विदेश से हजारों श्रद्धालु आ रहे हैं। इसे देखते हुए मंदिर प्रबंधन तंत्र तैयारियों जुटा है।मंदिर को सजाने के लिए विदेशी फूल मंगाए गए हैं। इस्काॅन वृंदावन के मीडिया प्रभारी रविलोचन दास ने बताया कि नए साल पर मंदिर का एक नया ही रूप श्रद्धालुओं को देखने को मिलेगा। ठाकुरजी भव्य पोशाक पहनेंगे। मंदिर में भजन-संकीर्तन का कार्यक्रम प्रारंभ हो गया है।





