वाराणासी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आ रहे हैं।पीएम मोदी के आगमन से पहले ही सभी योजनाओं का खाका तैयार हो चुका है। जिला प्रशासन ने 30 परियोजनाओं की सूची तैयार की है, जिनका लोकार्पण पीएम मोदी 25 अक्टूबर को करेंगे।कुछ योजनाओं को अगली बार पीएम के दौरे पर लोकार्पित करने की योजना है।



पीएम मोदी के काशी आने से पहले एसपीजी ने एयरपोर्ट से लेकर सभास्थल तक का मुआयना किया।इस दौरान पीएम मोदी की सुरक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों ने मंथन किया।मेहंदीगंज में 25 अक्टूबर को होने वाली जनसभा के लिए सभी योजनाओं को फाइनल सूची की लिस्ट तैयार कर ली गई है। इनमें से पांच योजनाएं पूर्वांचल के लिए भी हैं।इस योजना में पूर्वांचल की रोड कनेक्टिविटी बढ़ाने के साथ-साथ पर्यटन और किसानों के लिए बॉयो गैस समेत खेती करने के लिए खाद की व्यवस्था करने तक की सहूलियत मिलने जा रही है।



आइये जाने पूर्वांचल को किन अहम योजनाओं की मिलेगी सौगात



पीएम मोदी स्वास्थ्य के क्षेत्र में पीएम आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना का शुभारंभ कर सुविधाओं के व्यापक स्तर पर अभियान को आगे बढ़ाएंगे। इस योजना से देश के अधिक जरूरतमंद राज्यों में 17,788 गांवों में वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे, शहरों में 11,024 वेलनेस सेंटर स्थापित होंगे, 602 जिलों में क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल खुलेंगे, इंटीग्रेटेड हेल्थ इन्फॉर्मेश पोर्टल खोले जाएंगे ताकि लोगों को हेल्थ लैब्स से जोड़ा जा सके, 15 हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर भी खुलेंगे।



सबसे पहली योजना में रखौना राजातालाब से वाजिदपुर तक हुआ 16.98 किलोमीटर लंबे रिंग रोड फेज-2 परियोजना है।जिसके तहत पूर्वांचल के आसपास के सभी जिलों प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़ और जौनपुर की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को वाराणसी से होकर नहीं जाना होगा।रोड कनेक्टिविटी की वजह से वो सीधे अपने तय जिलों के ही रास्तों पर जा सकेंगे।इससे समय और ईंधन की बचत होगी और इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।पूर्वांचल के लोगों को रिंग रोड फेज-2 बन जाने से वाराणसी और गोरखपुर का सफर तय करना आसान हो जाएगा।



पीएम मोदी दूसरी परियोजना में राष्ट्रीय राजमार्ग-29 के पैकेज सेकंड यानी वाराणसी से गाजीपुर के विरनो तक 42.60 किलोमीटर तक की लंबी सड़क परियोजना का लोकार्पण करेंगे। परियोजना के आने से लोग फोरलेन सड़क से सुगम यातायात की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।



तीसरी परियोजना बायो गैस प्लांट की है, जिसे आराजीलाइन ब्लॉक के शाहंशाहपुर गांव में स्थापित किया गया है। इस बायो गैस प्लांट से रोजाना 90 टन गोबर की खपत होगी, जिससे की प्रतिदिन ढाई टन कांप्रेस्ड बायो गैस (सीबीजी) का उत्पादन किया जाएगा।प्लांट से बनने वाली खाद से किसानों की आय तो बढ़ेगी ही बल्कि खेती में होने वाली खाद समस्या को भी दूर करने में राहत मिलेगी।बायो गैस में लगने वाले गोबर की आपूर्ति आसपास के गांवों से की जाएगी।



पीएम मोदी चौथी परियोजना के तहत पर्यटन को बढ़ावा देने के उदेश्य से वाराणसी के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण से जुड़ी घाट परियोजना का भी लोकार्पण करेंगे। यहां स्थित नदियों गंगा और गोमती के संगम स्थल पर घाट का निर्माण किया जाएगा।मंदिर के प्रमुख तीर्थ स्थल मार्कंडेय महादेव के नाम से भी मार्कंडेय घाट का भी निर्माण किया जाएगा।इन दोनों घाटों का भी लोकापर्ण 25 अक्टूबर को हो ही होगा।



पीएम मोदी पांचवी परियोजना के अंतर्गत पूर्वांचल की सबसे बड़ी सब्जी मंडी पहड़िया को हाईटेक करके यहां से ऑनलाइन बिक्री देश में करने की योजना का भी शुभारंभ करने जा रहे हैं।पूर्वांचल के सभी किसान अपनी फलों-सब्जियों की बिक्री पूरे देशभर में कही भी कर सके। सब्जियों और फलों को हाईटेक तरीकों से सुरक्षित करने के लिए भी यहां विकल्प उपलब्ध कराए जा सकेंगे।सारी परियोजनाएं 5,002 करोड़ की है। इनसे जुड़ी 30 परियोजनाओं का लोकापर्ण पीएम करेंगे।पहले 32 परियोजनाओं की सूची तैयार की गई थी।