वाराणसी।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा कमर कसकर मिशन 2024 पर निकल पड़े हैं।नड्डा गुरुवार शाम आध्यात्मिक नगरी काशी पहुंचे। नड्डा गुरुवार सुबह बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के पहले काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के मंदिर में दर्शन करने पहुंचे।इस दौरान नड्डा के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।
जेपी नड्डा ने बाबा काल भैरव का दर्शन पूजन किया।काल भैरव मंदिर में दर्शन करने के बाद नड्डा सीएम योगी के साथ मंदिर के बाहर निकले।काल भैरव मंदिर से चंद कदम की दूरी पर एक चाय वाले की दुकान पर खड़े होकर आम व्यक्ति की तरह ना केवल नड्डा ने बल्कि सीएम योगी ने भी चाय की चुस्की ली।इस दौरान योगी सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहे।
चाय की चुस्की लेने के दौरान जेपी नड्डा ने चाय विक्रेता बटुक यादव से बातचीत की और चाय के बारे में जानकारी ली। इस दौरान नड्डा से बातचीत करने की कोशिश भी की गई,लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि आगे बात करूंगा और अपनी गाड़ी में बैठकर काफिले के साथ बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए निकल गए।
बता दें कि यह पहली बार नहीं है कि जेपी नड्डा ने काल भैरव मंदिर के बाहर चाय की चुस्की ली हो। इसके पहले भी जब नड्डा कार्यकारी अध्यक्ष थे तो काल भैरव मंदिर में दर्शन के बाद उसी चाय वाले के यहां खड़े होकर चाय की चुस्की ली थी।इस बारे में ना केवल चाय वाले ने बल्कि क्षेत्र के लोगों ने भी बताया कि जेपी नड्डा जब कभी काल भैरव मंदिर आते हैं तो चाय वाले की दुकान पर चाय को प्रसाद समझकर पीते हैं।





