गोरखपुर।बाबा गोरखनाथ की धरती गोरखपुर में आजादी का अमृत महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। आज़ादी की 75वीं वर्षगांठ के जश्न के माहौल में रविवार को किन्नर समाज की ओर से भी तिरंगा यात्रा निकाली गई।हाथों में तिरंगा लिए वंदे मातरम का जयघोष करते हुए लोगों से इस महोत्सव को धूमधाम से मनाने की अपील की। उन्होंने साबित कर दिया कि आजादी का अमृत महोत्सव मनाने में किन्नर समाज भी किसी से पीछे नहीं है।लोगों ने भी राष्ट्रप्रेम की इस भावना की सराहना की।
अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की
मंगलामुखी किन्नर जनकल्याण उत्थान संस्थान की सचिव किरन दीदी, किन्नर समाज की अगुवा बरखा किरन मां, एचएन हॉस्पिटल प्रोपराइटर डिस्को प्रधान के नेतृत्व में मोहरीपुर से गोरखनाथ तक लोगों में तिरंगा वितरण किया गया।किन्नर समाज के लोगों ने अपने अगुवा किरन दीदी के नेतृत्व में मन में राष्ट्रप्रेम की भावना लिए हुए और हाथों में तिरंगा लहराते हुए पदयात्रा की और साथ ही पदयात्रा के दौरान रास्ते में लोगों को और दुकानदारों को तिरंगा सप्रेम भेंट कर लोगों को आजादी के अमृत महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
किन्नर समाज के लोग आमजन को देशभक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए हर तरह से पहल कर रहे हैं।किन्नर समाज के लोगों का कहना है की इस महापर्व को धूमधाम से मनाएं हमारे देश के युवा आगे बढ़े हमारा आशीर्वाद उन लोगों के साथ है।
मंगलामुखी किन्नर जनकल्याण उत्थान संस्थान की सचिव किरण दीदी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम लोग अमृत महोत्सव मना रहे हैं।हमारी किन्नर समाज से अपील है कि सभी लोग एकजुट होकर इस महापर्व को मनाएं,हम लोगों का भी अधिकार है।इस अमृत महोत्सव को धूमधाम से मनाएं और लोगों को धूमधाम से मनाने की अपील करें।उन्होंने कहा कि हम लोग 75वां आज़ादी का अमृत महोत्सव हर घर मनाएंगे और हर घर तिरंगा फहराएंगे।
किन्नर समाज के लोग गोरखपुर के मोहरीपुर बस चार्जिंग स्टेशन के पास से तिरंगा यात्रा शुरू की।हाथों में झंडा लिए हुए किन्नर समाज के लोगों के साथ-साथ आम जनता भी भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे लगाते हुए बरगदवा चौराहे तक पहुंचे।वहां पहुंचकर किन्नर समाज के लोगों ने दुकानदार, ठेले वाले, फल वाले, रिक्शेवाले और कई लोगों को झंडा वितरण किया और अपने घरों पर दुकानों पर तिरंगा झंडा लगाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि 75 वां आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम से मनाएं।गोरखपुर में किन्नर समाज के लोग भी इस में बढ़ चढ़के हिस्सा ले रहे हैं।





