जमशेदपुर। ट्रेन से उतरने के बाद अब यात्रियों को स्टेशन पर अपने सामान को उठाने के लिए कुली नहीं ढूंढ़ना पड़ेगा। अब ट्रेन से स्टेशन पर उतरते ही ऑनलाइन बुकिंग वाले कुली यात्री के कोच व सीट पर आ जाएंगे।अब टिकट के साथ ही कुलियों की भी बुकिंग होगी। ये सुविधा दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के मॉडल रेलवे स्टेशनों पर जल्द ही शुरू होने वाली है।
ट्रेन यात्रियों को अब ऑनलाइन कुलियों की सुविधा आईआरसीटीसी देगी।इसके लिए आईआरसीटीसी की टिकट बुकिंग वेबसाइट में पोर्टर का कॉलम होगा। इससे पहले कुलियों के नाम व अन्य जानकारी को बिल्ला नंबर के आधार पर ऑनलाइन किया जाएगा। इससे दक्षिण पूर्व रेलवे के तहत आने वाले कुछ चुनिंदा स्टेशन चुने जाएंगे।टाटानगर के स्टेशन निदेशक से लाइसेंसी कुलियों की संख्या पर रिपोर्ट भी मांगी गई है।
आईआरसीटीसी व रेलवे की योजना को लेकर टाटानगर स्टेशन के लाइसेंसी कुलियों ने अध्यक्ष विनोद कुमार, सचिव राजेश यादव और कोषाध्यक्ष अजय कुमार की अगुवाई में दो बार बैठक हो चुकी है,इस बैठक में ऑनलाइन बुकिंग को लेकर तैयारियों पर चर्चा हो चुकी है। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर अभी 102 कुली निबंधित हैं, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से कम ट्रेनों के चलने की वजह से 60 कुली स्टेशन पर यात्रियों का सामान उठाने में जुटे हैं। कुलियों के सचिव राजेश यादव ने कहा कि रेलवे को ऑनलाइन बुकिंग शुरू करने से पहले सुविधा मुहैया करानी चाहिए।





