प्रतिनिधि,चतरा। चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील कुमार सिंह शनिवार को सिमरिया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान सासंद भवन के निम्न गुणवत्ता पर भड़क उठे और मौके पर मौजूद सहायक अभियंता कमलेश कुमार की जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण में बेसिक नियमों का भी पालन नहीं किया गया है। दरवाजे खिड़कियां सही ढंग से बंद नही हो रही है।फर्श के टाइल्स में दरारे हैं जिसे छिपाने के लिए टाइल्स में रंग लगा दी गई है। दीवारें भी फटी हुई है,सीढ़ी भी निम्न स्तर का है।
कुछ कमरों के सीलिंग में बगैर प्लास्टर किए पुट्टी करने जैसी शिकायत पर भी उन्होंने इंजीनियर को फटकार लगाया। स्टाफ क्वाटर में शौच के लिए लगाया गया कमोड भी दरवाजे पर ही लगाया पाया गया। रेलिंग वगेरह का काम भी बेहद घटिया स्तर का किया गया है। उन्होंने प्रयोगशाला में पानी की सुविधा गलत स्थान पर दिया पाया। शौचालय और विद्युतीकरण की निम्न गुणवत्ता पर भी उन्होंने सवाल उठाए।भवन के चारो ओर बनाए गए रास्ते के ब्रिक जगह जगह से टूटे पाए गए।
सांसद ने संवेदक से भवन की सभी त्रुटियों को अविलंब सुधारने का निर्देश दिया।अन्यथा हस्तांतरण पर रोक लगाने की चेतावनी दी।उन्होंने कहा कि भवन निर्माण का कार्य जब तक गुणवत्ता पूर्ण नहीं किया जायेगा तब तक भवन हैंड ओवर नहीं लिया जाएगा। सांसद ने कहा कि भवन निर्माण में बरती गई अनियमितता से केंद्रीय विद्यालय संगठन के साथ साथ भवन निर्माण कर रहे एजेंसी को भी अवगत कराया जायेगा।इधर भवन के घटिया निर्माण से आक्रोशित ग्रामीणों ने सांसद से इस मुद्दे को लोकसभा में उठाने का अनुरोध किया है।





