प्रतिनिधि,टंडवा (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र के कैंसर पीड़ित राहम निवासी मोहम्मद गुलजार अंसारी को प्रधानमंत्री सहायता कोष से दो लाख रुपए मुहैया कराए गए हैं। बताया गया कि गरीबी से जूझ रहे व्यक्ति का इलाज तमिलनाडु के क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल वेल्लोर में चल रहा है।
आपको बता दें असहायों की सेवा में तत्पर रहने के कारण सदैव सुर्खियों में रहने वाले सांसद प्रतिनिधि ईश्वर दयाल पांडेय ने मामले की जानकारी मिलते ही त्वरित पहल करते हुए सांसद सुनील कुमार सिंह को वस्तुस्थितियों से अवगत कराया था। जिसपर सांसद द्वारा 18 अक्टूबर 22 को पीएमओ कार्यालय को समुचित उपचार के लिए सहायता हेतु विशेष ध्यानाकर्षण कराया था। इसपर पीएमओ कार्यालय के त्वरित संज्ञान लिए जाने के कारण हीं इस गंभीर बीमारी से उपचार हेतु प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष द्वारा 2 लाख रुपए की राशि सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दी गई। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी स्वयं गुलजार अंसारी को पत्र लिखकर शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना करते हुए उन्हें शुभकामना संदेश- पत्र भेजा है।इस संजीदगी पर पीड़ित के पिता जबुल मियां सहित मो. मंजूर मियां,अक्षयवट पांडेय, मो. इदरीश अंसारी समेत परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सांसद सुनील कुमार सिंह व उनके प्रतिनिधि ईश्वर दयाल पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया है।





