रांची।झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पार्टी के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की खतियानी जोहार यात्रा के दूसरे चरण को सफल बनाने के लिए कमर कस ली है। सीएम 17 जनवरी से कोडरमा से दूसरे चरण की यात्रा की शुरूआत करेंगे।झामुमो ने पार्टी स्तर पर जिम्मेदारी बांटकर यात्रा को सफल बनाने की रणनीति तैयार की है।
झामुमो की हुई महत्वपूर्ण बैठक
झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय समिति के सदस्य विनोद पांडेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को यात्रा को लेकर केंद्रीय समिति कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई और यात्रा की तैयारी को लेकर रणनीति बनी।आगे की तैयारी के लिए विनोद पांडेय 15 जनवरी को कोयलांचल के दौरे पर निकलेंगे।पांडेय धनबाद और बोकारो के वरीय नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे। साथ में राज्य समन्वय समिति के एक अन्य सदस्य फागू बेसरा भी रहेंगे।
पार्टी के जनप्रतिनिधियों के साथ करेंगे बैठक
झारखंड मुक्ति मोर्चा की मीडिया पैनलिस्ट और केंद्रीय समिति की सदस्य डाॉ. नीलम मिश्र ने बताया कि धनबाद और बोकारो में होने वाली बैठकों में सभी पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर से चुने हुए पार्टी के जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा जिला परिषद सदस्य, 20 सूत्री एवं 15 सूत्री समिति के सदस्य समेत जिला कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक में उपस्थित अनिवार्य की गई है।
गढ़वा से हुई थी यात्रा की शुरूआत
बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गढ़वा से आठ दिसंबर 2022 से खतियानी जोहार यात्रा को शुरू किया था।सीएम ने पलामू, गुमला, लोहरदगा, गोड्डा, देवघर जिले में यात्रा की और जनसभाएं व रोड शो किए।दौरे के क्रम में सीएम सरकारी कार्यालयों समेत विकास योजनाओं से जुड़े स्थलों का औचक निरीक्षण भी करते हैं। इसके अलावा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाने के लिए राशि का वितरण किया जाता है।
तीन साल में खिंची विकास की लकीर
विनोद पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में विकास की लंबी लकीर खींची है। उनकी लोकप्रियता और झारखंड मुक्ति मोर्चा का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे राजनीतिक विरोधियों में बौखलाहट है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि केंद्रीय सतर्कता एजेंसियों समेत अन्य कई माध्यमों से इस प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश की जा रही है। इसका कोई असर नहीं होगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा दूसरे चरण की यात्रा को भी ऐतिहासिक बनाएगा। इसे लेकर संगठन में भारी उत्साह है।





