गंगा आरती के तर्ज पर होगी दोमुहानी पर स्वर्णरेखा आरती, स्वर्णरेखा के कर्ज को उतारने का समय : बन्ना गुप्ता





स्वर्णरेखा आरती घाट को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल बनाने के लिए मंत्री बन्ना गुप्ता ने विधायक फंड से दिए 50 लाख





विशेष संवाददाता





जमशेदपुर। अपने चुनावी वादे को पूरा करने के अगली कड़ी में सूबे के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सह जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक बन्ना गुप्ता ने अपने विधायक निधि मद से स्वर्णरेखा आरती मंडप निर्माण के लिए 50 लाख रूपए देने की अनुशंसा की हैं। उक्त राशि स्वर्णरेखा नदी के सोनारी मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी पर आरती मंडप समेत अन्य सौंदर्यकरण में खर्च होगा।





इसकी जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि स्वर्णरेखा नदी जमशेदपुर शहर की लाइफ लाइन हैं। इसके संरक्षण और सौंदर्यकरण की जिम्मेदारी हम सभी की हैं। इस नदी का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। शहरवासी होने के नाते मेरा कर्तव्य है कि इसका कर्ज उतार सकूं। उन्होंने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त विजया जाधव को पत्र लिखकर स्वर्णरेखा आरती मंडप बनाने का निर्देश दिया गया है। जिससे यह पर्यटन स्थल के रूप में तो विकसित होगा ही, साथ ही रोजगार सृजन का केंद्र भी बनेगा। उन्होंने सरकारी स्तर से भी इसमें सहयोग करने की मांग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से करने की बात भी कही। साथ ही कॉर्पोरेट घरानों समेत शहर के प्रमुख व्यापारी वर्गो से भी स्वर्णरेखा के संरक्षण और सौंदर्यकरण के लिए सहयोग मांगने की बात कही।





उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की आस्था नदियों की पूजा है। जिसके तहत देश के कई हिस्सों में नदियों की आरती भी की जाती है। जिसका गंगा आरती सबसे बड़ा उदाहरण है। इसी के तहत हमारे आस्था और विश्वास की प्रतिक स्वर्णरेखा नदी की आरती के लिए भव्य मंडप और आवश्यक संसाधनों का निर्माण किया जाएगा।