वाराणसी।विश्व के सबसे लंबे जलमार्ग पर सफर कर रहे गंगा विलास क्रूज की रफ्तार को कोहरे ने धीमा कर दिया है। 32 स्विस मेहमानों को लेकर देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी आ रहा ये क्रूज अब आठ जनवरी को काशी पहुंचेगा।कल गुरुवार को विलास क्रूज डोरीगंज के बाॅदर में प्रवेश किया। जल परिवहन की सबसे लंबी और रोमांचकारी रिवर क्रूज यात्रा को वाराणसी सांसद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 जनवरी को हरी झंडी दिखाएंगे।





बता दें कि गंगा विलास क्रूज को 6 जनवरी को आध्यात्मिक नगरी काशी पहुंचना था, लेकिन कोहरे से दृश्यता कम होने से विदेशी मेहमानों को लेकर कोलकाता से रवाना हुआ क्रूज अब दो दिन देरी से 8 जनवरी को काशी पहुंचेगा। 8 जनवरी को रविदास घाट पर विदेशी मेहमानों का भव्य तरीके से स्वागत किया जाएगा। इसकी तैयारियां भी पूरी हो गई हैं।





विदेशी मेहमान करेंगे काशी की गलियों में भ्रमण





आध्यात्मिक नगरी काशी प्रवास के दौरान विदेशी मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा आरती के साथ ही विदेशी मेहमान काशी की गलियों में भी भ्रमण करेंगे।इसके बाद गंगा विलास क्रूज 13 जनवरी को 3200 किलोमीटर के जलमार्ग की यात्रा पर रवाना हो जाएगा। क्रूज 32 विदेशी मेहमानों को डिब्रुगढ़ की यात्रा कराएगा।काशी से बांग्लादेश होते हुए असम के डिब्रूगढ़ की यात्रा पर जाने वाला क्रूज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निगरानी में रवाना होगा।





भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय निदेशक राकेश कुमार ने कहा कि कोहरे के कारण जलयान के आगमन में देरी हुई है। अब आठ जनवरी को इसके वाराणसी पहुंचने की संभावना है। 52 दिन के सफर के दौरान भारत और बांग्लादेश के 27 रिवर सिस्टम से गुजरेगा। यह वैश्विक धरोहरों से संबंधित 50 से अधिक स्थानों पर रुकेगा।





तेज होंगी व्यापारी गतिविधियां





नदी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कोलकाता से 22 दिसंबर 2022 को 32 स्विस पर्यटकों को लेकर रवाना हुआ गंगा विलास क्रूज 8 जनवरी को आध्यात्मिक नगरी काशी पहुंचेगा। भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण (भाअजप्रा) के अधिकारियों के मुताबिक, वाराणसी-गाजीपुर-मझऊआं-बाढ़ जलमार्ग को पटना-फरक्का जलमार्ग की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। इस जलमार्ग के शुरू हो जाने पर पूर्वांचल के बाजार की पहुंच दक्षिण पूर्व एशियाई देशों से हो जाएगी। इस मार्ग से व्यापारी गतिविधियां तेज होने से किसानों और व्यापारियों को फायदा होगा।





पीएम मोदी देंगे पूर्वांचल को चार जेटी की सौगात





विश्व के सबसे लंबे जलमार्ग पर चलने वाले गंगा विलास क्रूज को हरी झंडी दिखाने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वांचल को चार जेटी की भी सौगात देंगे। पीएम मोदी वर्चुअल माध्यम से 13 जनवरी को गंगा विलास क्रूज रवाना करने से पहले बलिया से वाराणसी के बीच बने इन जेटी को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। पीएम के हाथों जेटी लोकार्पण के लिए जलमार्ग प्राधिकरण (भाअजप्रा) ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके अलावा पीएम मोदी 13 जनवरी को गंगा में नाव रेसिंग प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाएंगे। नावों को ठीक करने के साथ नाविक रेस की तैयारी में जुट गए हैं।