प्रतिनिधि,जमशेदपुर। समय-समय पर दूत बनकर जमशेदपुर सहित राज्य की जनता की सहायता करने वाले सामाजिक संस्था नाम्या स्माइल फाउंडेशन के संस्थापक भाजपा झारखंड प्रदेश के प्रवक्ता पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी के पहल पर फिर एक बार पूर्वी सिंहभूम जिले के निवासी दो वर्षीय बच्ची का निःशुल्क इलाज किया गया। दरअसल पटमदा प्रखंड के बोड़ाम निवासी मनींद्र नाथ महतो की दो वर्षीय बेटी देवश्री महतो एक गंभीर बीमारी ओम्फलोसेले से जूझ रही थी, जिसके कारण उसके शरीर में पेट के महत्वपूर्ण अंग शरीर के अंदर न होकर बाहर निकल आये थे। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण वे इस गंभीर बीमारी के जटिल और महंगे ऑपरेशन व उनका इलाज कराने में असमर्थ थे,जिसपर परिवार ने समाजसेवी परेश दत्ता से संपर्क साधा तथा अपनी बच्ची की परिस्थिति बताई।
परेश दत्ता ने नाम्या स्माइल फाउंडेशन के संस्थापक तथा पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी को इस विषय की विस्तृत जानकारी दी। कुणाल षाड़ंगी ने विषय की गंभीरता को देखते हुए नाम्या स्माइल फाउंडेशन के सदस्य निधि केडिया को इसकी ज़िम्मेदारी दी। निधि केडिया ने तुरंत बच्ची को साकची स्थित डॉ. अभिषेक चाइल्ड केयर में भर्ती करवाया। डॉ. अभिषेक तथा उनके डॉक्टरो की टीम ने बीमारी की गंभीरता को देखते हुए बिना समय गंवाए लगभग तीन घंटे की मेहनत के बाद देवश्री महतो का निःशुल्क सफल ऑपरेशन किया। अब बच्ची पूरी तरह से स्वस्थ है और लगभग 10 दिन के बाद उस बच्ची को अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई।
पटमदा प्रखण्ड के बोड़ाम निवासी मनिंद्र नाथ महतो एवं उनके परिवार ने बच्ची का इतने बड़े ऑपरेशन में आर्थिक रूप से मदद करने हेतु नाम्या स्माइल फाउंडेशन के संस्थापक कुणाल षाडंगी, बिमल बैठा, सदस्य निधि केडिया समेत अभिषेक चाइल्ड केयर के डॉक्टर अभिषेक का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे कठिन समय में उनके परेशानी को समझते हुए संस्था एवं डॉ. अभिषेक कुमार ने उनकी इतनी बड़ी मदद की उसे कभी भूला नहीं जा सकता। वहीं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने खुशी जताते हुए बच्ची के स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं व्यक्त की है।





