प्रतिनिधि,लोहरदगा। उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण की अध्यक्षता में सोमवार को सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों समेत अन्य के साथ गणतंत्र दिवस (26 जनवरी 2023) के दिन आयोजित होने वाले मुख्य समारोह के संबंध में बैठक की गई।बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला मुख्यालय में शहीदों/महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण 8.00 बजे पूर्वाह्न से 8.45 बजे के बीच किया जाएगा।





मुख्य कार्यक्रम का आयोजन बी0 एस0 कॉलेज स्थित स्टेडियम लोहरदगा में झंडोतोलन 9.15 बजे पूर्वाह्न किया जाएगा। इस कार्यक्रम में निदेशानुसार लोग भाग लेंगे। राष्ट्रीय गान उर्सुलाइन उच्च विद्यालय लोहरदगा की छात्राओं द्वारा गाया जाएगा।समाहरणालय में झंडोत्तोलन 10.45 बजे पूर्वाह्न उपायुक्त, लोहरदगा द्वारा किया जाएगा। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय,डीआरडीए भवन परिसर, जिला परिषद,अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों में झंडोत्तोलन होगा। अन्य सभी कार्यालयों में कार्यालय प्रधान अपनी सुविधानुसार झंडोतोलन करेंगे।





बीएस कॉलेज में होने वाले कार्यक्रम के लिए परेड में जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला) की 1-1 टुकड़ी, सहायक पुलिस की 01, गृह रक्षा वाहिनी की 01 टुकड़ी, कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय की 01 टुकड़ी, रा0 के0 को0 नदिया उच्च लोहरदगा की 01 टुकड़ी, जवाहर नवोदय विद्यालय जोगना लोहरदगा की 01 टुकड़ी, लूथरन उच्च विद्यालय लोहरदगा की 01 टुकड़ी और उर्सलाइन बालिका उच्च विद्यालय लोहरदगा की 01 टुकड़ी भाग लेंगी। इस कार्यक्रम में वाहन की व्यवस्था जिला परिवहन पदाधिकारी करेंगे।





मुख्य समारोह स्थल बी एस कॉलेज स्थित स्टेडियम लोहरदगा एवं अन्य प्रमुख स्थानों की सफाई एवं सजावट की व्यवस्था कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद लोहरदगा द्वारा की जाएगी।





बीएस कॉलेज लोहरदगा में मुख्य समारोह के लिए मंच पर लाईट, विशेष माईक, सामियाना, सोफा, कुर्सी, विद्युत व्यवस्था, जेनरेटर, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी आदि की समुचित व्यवस्था हिंडाल्को, लोहरदगा द्वारा की जाएगी।





मुख्य समारोह में एंबुलेंस तथा चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति सिविल सर्जन के द्वारा की जाएगी।





26 जनवरी को 6:00 बजे पूर्वाह्न से 1:00 बजे अपराह्न तक भारी वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा।





संपूर्ण कार्यक्रम के वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त, लोहरदगा रहेंगीं।





झांकी व सांस्कृतिक कार्यक्रम





मुख्य समारोह में कुल आठ झांकियां निकाली जाएंगी जो समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, उद्यान, शिक्षा विभाग के अलावा स्काउट एंड और हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज द्वारा निकाली जाएगी। । झांकी से संबंधित अनुश्रवण का दायित्व कार्यपालक दण्डाधिकारी पूजा कुमारी को दिया गया है।इसके अलावा 7 सांस्कृतिक कार्यक्रम व अन्य कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम में कराटे, मार्शल का भी प्रदर्शन किया जायेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अनुश्रवण का दायित्व जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपा गया है। राष्ट्रगान के रिहर्सल व छात्राओं से संबंधित सभी दायित्व जिला शिक्षा अधीक्षक को सौंपा गया है।





पूर्व संध्या कार्यक्रम





गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर नया नगर भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जायेगा। इसमें जनजातीय नृत्य व गायन की प्रस्तुति होगी। उप विकास आयुक्त द्वारा कार्यक्रम में भाग लेने वाले कलाकारों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाएगी।





बैठक में पुलिस अधीक्षक आर रामकुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार, उप विकास आयुक्त समीरा एस, अनुमण्डल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल समेत सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व अन्य उपस्थित थे।