प्रतिनिधि,गिरिडीह। ससुरालवालों ने एक गर्भवती महिला की हत्या कर शव को कुंए में डाल दिया।फिर शव को कुएं से निकालकर जलाने का प्रयास किया।मृतका के ससुरालवाले सभी फरार हो गए।
मृतका सुधा कुमारी चार माह की गर्भवती बताई जाती है।दाह संस्कार से पूर्व पुलिस ने शव जब्त किया। मृतका सुधा से उसके पति और ससुराल वाले उसके मायके वालों से दो लाख नगद रुपया के साथ एक सोने की चैन की मांग पिछले सात माह से कर रहे थे और जब नही मिला तो हत्यारे पति और ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर शव को कुंए में डाल दिया और चंद घंटे बाद ही उसके शव को कुंए से निकाल कर जलाने का प्रयास किया।पुलिस ने सूचना मिलने के साथ ही घटनास्थल पहुंच कर आरोपियों को दबोचने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस के आने के पहले ही सभी फरार होने में सफल रहे। इस दौरान जमुआ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिप अध्यक्ष मुनिया देवी भी सदर अस्पताल पहुंची और मृतका के परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान जिप अध्यक्ष ने जमुआ थाना पुलिस से आरोपी पति और उसके ससुराल वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इधर जमुआ थाना प्रभारी पप्पू कुमार भी मान रहे है कि मामला हत्या का है, क्योंकि मृतका के नाक से खून बह रहा था। जबकि शरीर में कई जगहों पर चोट के निशान पाए गए।
बताया जाता है कि बेंगाबाद थाना क्षेत्र के डोमापहाड़ी के हरवाडीह ग्राम निवासी ओम प्रकाश वर्मा की पुत्री सुधा कुमारी की शादी एक वर्ष पूर्व जमुआ थाना क्षेत्र के मेदिनिटांड निवासी रोहित वर्मा के पुत्र कृष्णदेव वर्मा के साथ हुई थी। शादी के दौरान ही मृतका के मायके वालों ने दहेज में पांच लाख नगद रुपया दिया था। साथ ही साज सज्जा के कई समान भी दिए थे,लेकिन शादी के सात माह बाद से सुधा को दहेज में दो लाख नगद कैश के साथ सोने की चैन की मांग की जा रही थी। कई बार इसे लेकर सुधा को टॉर्चर भी किया गया। इसी बीच बीती देर रात मृतका के पिता ओम प्रकाश वर्मा को जानकारी मिली कि उनकी बेटी सुधा की हत्या कर शव को कुंए में डाल दिया गया है और अब उसे जलाने के लिए लेकर गए हैं।उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी जमुआ थाना पुलिस को दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया।मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।





