प्रतिनिधि,गिरिडीह। जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत एक छोटे से गांव चीनो के रहने वाले कलाम अंसारी अपनी मेहनत,लगन और हुनर से आज मुम्बई जैसी महानगरी की बॉलीवुड इंडस्ट्री में मेकअप आर्टिस्ट के रूप में अलग छाप छोड़ रहे हैं। इन दिनों वे कई मशहूर कलाकारों का मेकअप कर रहे हैं। लोकप्रिय टीवी सीरियल कुंडली भाग्य की माहिरा, धीरज दुबर, टीवी सीरियल उड़ारिया की प्रियंका चौधरी,अंकित गुप्ता जैसे बड़े कलाकारों को कलाम ही सजाते संवारते और फिर नये लुक देते हैं।प्रसिद्ध कामेडियन जानी लीवर को भी लुक दे चुके हैं।





कलाम कहते हैं कि हमारे परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। बचपन से ही पढ़ाई में मन नहीं लगता था। किसी प्रकार आठवीं तक पढ़ाई की।माया नगरी में काम करने का सपना था। पहले ट्रैक्टर व फिर ट्रक में खलासी बन गया। कुछ पैसा बचाया और मुंबई चल गए। कुछ दिन एक कपड़े की फैक्ट्री में काम किया।मगर मन नहीं लगा तो घर लौट आया।घर गाँव वाले रोज ताने मार कहते फिर ट्रक में खलासी करे। पर मन में मायानगरी बसी थी।छह महीने दौड़भाग की तब फिल्म लाइन में काम करने के लिए जरूरी कार्ड बन सका।हमें शुरू से लोगों को सजाने संवारने का शौक था। इसलिए मेकअप मैन बनने का मकसद था। स्टूडियो में जाता था और यह काम सीखता था। डेेढ़ साल तक बिना किसी वेतन के काम किया। मेकअप के गुर सीखता रहा। खर्च कैसे चलता था आज भी सोचता हूँ।कई दिन फाकाकशी में भी गुजरे। बड़ा भाई ही सहारा देता था। इसी बीच मेकअप मैन सुनील तांबे से परिचय हुआ।उन्होंने पता नहीं हममें क्या देखा कि इस कला की हर बारीकी सिखाने की ठान ली। फिल्मी कलाकारों का मेकअप कैसे होता है, यह बताया। तीन साल में काम में पारंगत हो गया तो उन्होंने नौकरी दे दी। साल भर यहां बतौर मेकअप मैन काम किया। 2018 में जीवन को दिशा मिल गई। स्टार प्लस के सीरियल कयामत की रात में काम मिला। वहां से मेकअप मैन के रूप में जो यात्रा शुरू की तो पीछे मुड़कर नहीं देखा।बकौल कलाम ने जिंदगी में बहुत संघर्ष किया, निचोड़ यह रहा कि जिस काम में आपका मन लगे,वही करें। कहा,हिम्मत न हारें, काम मेहनत और लगन से करें, सफलता आपका वरण करेगी,जिस काम में रुचि नहीं, कोई लाख दबाव दे, मगर उसे करके आप आगे नहीं बढ़ पाएंगे।