गोरखपुर।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर का प्रसिद्ध गोरखनाथ मन्दिर को बम से उड़ाने की सूचना से हड़कंप मच गया। नए साल के पहले दिन गोरखनाथ मंदिर को उड़ाने की धमकी पुलिस को डायल 112 पर मिली।इसके बाद डीएम और एसएसपी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में जांच हुई तो सब कुछ सामान्य मिला।सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के वैशाली के रहने वाले कुर्बान अली के रूप में हुई है। कुर्बान अली गोरखनाथ इलाके में एक बेकरी की दुकान पर काम करता है। कुर्बान ने रविवार को पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी कि चार बदमाश काला कपड़ा पहने हुए गोरखनाथ मंदिर में बम लेकर घुस गए हैं और ब्लास्ट करने वाले हैं।इस सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।पुलिस फौरन हरकत में आ गई।सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया है कि पुलिस को मंदिर में बम होने की सूचना देने के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।आरोपी से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में आरोपी सिरफिरा लग रहा है।एसएसपी के मुताबिक सिरफिरे ने नये साल के मौके पर पुलिस को परेशान करने के मकसद से इस तरह की सूचना दी होगी।इसके बावजूद भी बाकी पहलूओं की जांच की जा रही है।





