प्रतिनिधि,जमशेदपुर।बीते दिनों गोलमुरी थाना अंतर्गत मुस्लिम बस्ती में अमनदीप सिंह पर हुए फायरिंग मामले में पुलिस ने गोलमुरी वर्क्स फ्लैट निवासी मो. अब्दुल्ला को गिरफ्तार कर सोमवार जेल भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।





सोमवार मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी के. विजय शंकर ने बताया कि अब्दुल्ला ने आपसी रंजिश में अमनदीप पर गोली चलाई थी। उन्होंने बताया कि अमनदीप ने इससे पूर्व मारपीट मामले में उसे जेल भिजवाया था। जिसके बाद से वह बदला लेने के लिए सही समय का इंतजार कर रहा था। घटना के दिन अब्दुल्ला का विवाद लवप्रीत के साथ हो रहा था। इसी बीच अमनदीप बीच-बचाव करने वहां आ पहुंचा।इस दौरान अब्दुल्ला ने अपने साथी अमन सफेदी से पिस्टल लेकर उसपर फायरिंग कर दी थी।





सिटी एसपी ने बताया कि पूर्व में अमनदीप और अब्दुल्ला के बीच दोस्ती थी। मगर मारपीट के एक मामले में अमनदीप के शिकायत के बाद अब्दुल्ला जेल चला गया था। जिसके बाद से दोनों के बीच दुश्मनी हो गई थी। 25 फरवरी की रात्रि आरएस टावर के पास बाइक से कैंची मारने के दौरान लवप्रीत के साथ उसका विवाद होने लगा। इसी दौरान अमनदीप अपने साथ राजा सिंह और गुरप्रीत के साथ वहां पहुंचा। इधर अमन सफेदी और शेख फैज भी अब्दुल्ला की ओर से आ गए। मौके पर दोनों ओर से पत्थरबाजी भी हुई। जिसके बाद अब्दुल्ला ने गोली चला दी और जो अमनदीप को लगी। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।