प्रतिनिधि,गिरिडीह। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना अंतर्गत जिले में डुमरी प्रखंड के धावाटांड़ मोड़ से अतकी रोड तक मरम्मत व निर्माण कार्य को स्थानीय ग्रामीणों ने शनिवार को बंद करा दिया।कार्य में प्राक्कलन की अनदेखी करने व अनियमितता बरतने का आरोप लगाकर कार्य को बंद कराया गया।मुखिया ईश्वर हेम्ब्रम और भाजपा नेता दीपक श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यस्थल पर पहुंचे दर्जनों ग्रामीणों ने कार्य को बंद करा दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि जब तक प्राक्कलन के अनुसार काम को नहीं किया जाएगा, तब तक कार्य नहीं होने देंगे, क्योंकि वर्षों बाद हमलोगों के संघर्ष के बाद इस महत्वपूर्ण पथ का मरम्मत एवं कार्य प्रारंभ हुआ है।इसलिए पथ निर्माण के कार्य में लापरवाही नहीं बरतने देंगे।
गांव के ग्रामीण सोहराय मुंडा,चंद्रदेव तुरी,बासुदेव महतो,शंकर चौधरी,दौलत चौधरी,सुरेन्द्र पांडेय,राजेन्द्र मुंडा,बिनोद मुंडा,जगदीश ठाकुर,बीरू मुंडा,कासीम अंसारी,मनीष तुरी आदि ने बताया कि यह सड़क अतकी,छछन्दो,परसाबेड़ा,मंझलाडीह,जरीडीह आदि करीब 20 गांवों के लगभग 20 हजार लोगों के लिए आवागमन का साधन है।ग्रामीणों का आरोप था कि अभी पथ का गार्डवाल बनाया जा रहा है। जिसमें स्थानीय वन क्षेत्र के बेकार पत्थर लगाए जा रहे हैं। जबकि सीमेंट और बालू भी निर्धारित मात्रा से अधिक दिया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना था कि कार्य करा रहे मुंशी के पास एस्टीमेट भी नहीं रहता है। जबकि कार्य की गुणवत्ता में सुधार हेतु कई बार कार्य का देखरेख कर रहे लोगों से कहा गया परन्तु कोई सुधार नहीं हुआ।





