प्रतिनिधि,चतरा।चतरा पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्यवाई कर उनकी कमर तोड़ दी है। एसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रविवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के जंगली और ग्रामीण इलाकों में चलाए गए अभियान में बड़े पैमाने पर शराब भट्ठियों का विनिष्टि करण किया गया है। वहीं शराब बनाने के लिए प्रयुक्त होने वाला लगभग दस हजार किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया है।विनिष्टिकरण अभियान में पोकलेन मशीन लगाकर कई भट्ठियों को जमींदोज़ कर दिया गया। पुलिस की चौतरफा कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़़कंप मच गया है।





पुलिस कार्यालय चतरा की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक मयुरहण्ड थाना क्षेत्र के ढेबादौरी,सोकी,फुलांग व गौरेया में 150 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया। वहीं एक शराब भट्ठी ध्वस्त की गई। वहीं गिद्धौर थाना क्षेत्र के जपुआ और कुबरी में पुलिस ने छापेमारी कर 225 किलोग्राम जावा महुआ जप्त किया। इसी प्रकार इटखोरी थाना क्षेत्र के भौरा,पाही व पितीज में 45 लीटर चुलैया महुआ शराब,30 किलो जावा महुआ बरामद किया गया व एक शराब भट्ठी नष्ट की गई।





प्रतापपुर थाना क्षेत्र के हेठदोहर में 200 लीटर चुलया महुआ शराब और एक भट्ठी ध्वस्त की गई। इसी प्रकार हंटरगंज थाना क्षेत्र के जबड़ा में 5 हजार किलो जावा महुआ बरामद की गई और 200 लीटर महुआ शराब जप्त की गई। वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के बनसिंग में 05 किलोग्राम जावा महुआ और 4 लीटर चुलया शराब जप्त किया गया। वहीं चतरा सदर थाना क्षेत्र के बिंद मुहल्ला,पाराडीह और डुमरिया आहर में 500 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया। कुंदा थाना क्षेत्र के कासी लौंग और बेसरा में 20 किलोग्राम जावा महुआ और 10 लीटर शराब बरामद किया गया एवं पत्थलगड्डा थाना के दानापुर व नावाडीह में छापामारी कर 50 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया गया।