प्रतिनिधि,इटखोरी(चतरा)। इटखोरी प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार की रात खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इटखोरी क्रिकेट टीम ने चतरा क्रिकेट टीम को सात विकेट से हराकर क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। क्वार्टर फाइनल मैच में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चतरा की टीम ने 10 ओवर में 135 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाबी पारी खेलने उतरी इटखोरी की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर नौ ओवर में 136 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की।





क्वार्टर फाइनल मैच में आलराउंडर प्रदर्शन करने के लिए इटखोरी टीम के खिलाड़ी मुकेश यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इटखोरी प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार की रात तीन और मैच खेले गए थे,जिसमें चतरा मोड़ की टीम ने डबरिया की टीम को, इटखोरी की टीम में टंडवा क्रिकेट टीम को तथा चतरा क्रिकेट टीम ने पत्थलगड़ा क्रिकेट टीम को हराया। केबी हाई स्कूल के मैदान में दूधिया रोशनी में खेले जा रहे इस नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट को देखने के लिए भारी संख्या में दर्शकों की भीड़ जुट रही है।