पूर्वांचल सूर्य प्रतिनिधि,चतरा।जिला मुख्यालय के समहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त रमेश घोलप की अध्यक्षता में खनिजों के अवैध खनन,परिवहन और भंडारण के रोकथाम के लिए जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स समिति की बैठक की गई।
बीते महीने 28 अगस्त को हुई बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा क्रमवार की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी और मोटरयान निरीक्षक को उपायुक्त ने निर्देशित करते हुए कहा कि खनन क्षेत्र में चलने वाले भारी वाहनों का निरंतर जांच अभियान चलाएं। अगर किसी वाहन चालकों लकों द्वारा सड़़क सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है तो वैसे लापरवाह वाहन, वाहन चालकों पर अविलम्ब कार्रवाई करें।उपायुक्त ने कहा कि खास करके वाहनों का अलट्रेशन, फिटनेश,रिफलेक्टीव टेप,प्रदूषण पेपर समेत अन्य का जांच करें।
जिला खनन पदाधिकारी मनोज कुमार टोप्पो ने बताया कि अवैध खनन,परिवहन एवं भंडारण के विरूद्ध वित्तीय वर्ष 2024-25 में अभी तक 44 वाहनों पर प्राथमिकी, 83 वाहन जप्त अवैध परिवहन में 84 वाहन जप्त किया गया है। कुल 11,23,532 रू0 की जुर्माना राशि वसुली गई है।
अवैध खनन परिवहन व भंडारण के विरुद्ध शून्य कार्रवाई वाले अंचल अधिकारी,थाना प्रभारी के प्रति उपायुक्त ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अवैध खनन परिवहन व भंडारण के विरुद्ध लगातार जांच अभियान चलाते हुए अवैध खननकर्ता और वाहन एवं संलिप्त लोगों के ऊपर कार्रवाई करें।
आम्रपाली परियोजना के अंतर्गत सीटीओ में निहित शर्तों का अनुपालन की समीक्षा में पाये गये अनियमितता के आलोक में एजीएम आम्रपाली-चन्द्रगुप्त क्षेत्र को कड़ी फटकार लगाते हुए यथाशीघ्र अनियमितताओं का निराकरण करने हेतु निर्देशित किया गया। सभी क्षेत्र के महाप्रबंधक एवं परियोजना पदाधिकारियों को कोयला परिवहन में लगे वाहनों पर एक सप्ताह के अन्दर रूट वाइज कलर स्ट्राइकर लगाने हेतु निर्देशित किया गया। अनुपालन नहीं पाये जाने की स्थिति में संबंधित वाहनों को काली सूची में डालने का निर्देश दिया गया। जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स के सदस्यों के लिए एक सेक्शन पुलिस बल एक नोडल पदाधिकारी के साथ जिला नियंत्रण कक्ष में तैनात रखने के लिए अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, चतरा को निर्देशित किया गया।
सभी सदस्यों को विशेषकर सभी अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी को एक्टिव मोड में रहकर अपने क्षेत्रान्तर्गत नियमित छापामारी करते हुए अवैध बालू,पत्थर व कोयला खनिज के मामले में अवैधकर्त्ता के विरूद्ध प्राथमिकी एवं नियमानुसार दण्ड राशि की वसूली की कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। वर्तमान में माननीय एनजीटी न्यायादेश के कारण नदीघाटों से बालू का खनन पूर्णतः वर्जित है। अतः टास्क फोर्स के सभी सदस्य, अंचल अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी द्वारा अवैध बालू खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार पांडेय, वन प्रमण्डल पदाधकारी उत्तरी राहुल मीणा,अपर समाहर्ता अरविन्द कुमार, जिला खनन पदाधिकारी मनोज कुमार टोप्पों, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।





