लखनऊ।उत्तर प्रदेश में दीपावली को लेकर यूपी पुलिस मुख्यालय ने सभी पुलिस अधिकारियों के लिए एक पत्र जारी किया है।पत्र में कहा गया है कि दीपावली के दिन सभी पुलिसकर्मी गरीब परिवार के लोगों के साथ मिलकर उत्सव मनाए। मुख्यालय जारी पत्र में कहा गया है कि ये एक पुलिस के लिए मानवीय कदम होगा।

यूपी पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि दीपावली की पूर्व संध्या पर सभी पुलिसकर्मी,थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी गरीब/अनाथ आश्रम जाकर वहां के लोगों के साथ उत्सव मनाएं।इस मौके पर पुलिस अधिकारी अपने तरफ से मिठाई और गिफ्ट लेकर भी जा सकते हैं।

पत्र में आगे कहा गया है कि सभी पुलिस लाइन में गरीब और अनाथ बच्चों के लिए दीपावली कार्यक्रम का आयोजन किया जाए और एडीजी, डीआईजी स्तर के अधिकारी इस कार्यक्रम मेंं शरीक हो, जिससे बच्चों के बीच दीपावली के पर्व पर खुशियां बांटी जा सके।

आपको बता दें कि पुलिस की छवि जनता के बीच अच्छी करने और गरीब लोगों के मन से पुलिस का भय भगाने के लिए ये पत्र जारी किया गया है।मुकुल गोयल डीजीपी बनने के बाद लगातार पुलिस अधिकारी को फील्ड में जाने की नसीहत देते हैं,जिससे जनता के बीच पुलिस की अच्छी छवि बनी रहे।
दो महीने पहले गोरखपुर में कानपुर के कारोबारी मनीष गुप्ता की पुलिस द्वारा पीटने के बाद हुई मौत के बाद यूपी पुलिस की छवि बहुत खराब हुई है। पिछले दिनों दिल्ली हाईकोर्ट ने भी यूपी पुलिस को लेकर सख्त टिप्पणी की थी,क्योंकि यूपी पुलिस एक गायब लड़की का पता नहीं लगा सकी थी,जिसके बाद कोर्ट ने जांच दिल्ली पुलिस को सौंपी और एक ही दिन में दिल्ली पुलिस ने लड़की को खोज निकाला।इसके बाद यूपी पुलिस की काफी किरकिरी हुई थी।