बोकारो।झारखंड में बोकारो से धनबाद को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 23 के किनारे इंडियन बैंक की गुरुद्वारा शाखा में बुधवार को दोपहर लगभग सवा एक बजे डकैतों ने धावा बोला और लगभग 40 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए।डकैतों ने बैंक कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। लूट की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार झा, चास एसडीपीओ पीके सिंह सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
लूट की घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सड़कों पर वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया, लेकिन डकैतों का कुछ पता नहीं चला।बताया जाता है कि वारदात को अंजाम देने के बाद डकैत बैंक के CCTV के डीवीआर को भी अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।एसपी ने दावा किया डीवीआर सुरक्षित है।इसमें घटना की तस्वीर कैद हुई है।पुलिस CCTV के जरिए अपराधियों का सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के लिए तीन बाइक पर सवार होकर छह की संख्या में लोग आए थे। बैंक में प्रवेश करने के साथ ही उन्होंने गार्ड को अपने कब्जे में ले लिया और उसके साथ मारपीट की।जिसमें उसे चोट आई है। इसके बाद अन्य कर्मचारियों को कब्जे में लेकर सभी को बैंक के शौचालय में बंद कर दिया। लगभग आधे घंटे के बाद रुपए लेकर डकैत आसानी से निकल गए। बैंक में मौजूद कुछ प्रत्यक्षदर्शी ग्राहकों ने बताया कि चार अपराधियों ने अपने हाथ में हथियार लिया हुआ था।
डकैतों के जाने के बाद शौचालय में बंद लोग किसी तरह दरवाजा तोड़कर बाहर निकले। उसके बाद सायरन बजाया।पुलिस को लूट की सूचना दी गई।जानकारी मिलने पर आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। बैंक कर्मियों से पूछताछ शुरू की। घटना के बाद बैंककर्मी खौफजदा हैं।





