गोड्डा।झारखंड के गोड्डा में महागामा के प्राथमिक विद्यालय भिखियाचक की पोल खोलने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दो सहायक शिक्षकों पर गाज गिरी है। दोनों सहायक शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया गया।वहीं एक शिक्षक को प्रतिनियुक्त किया गया है।डीसी जिशान कमर ने इसकी पुष्टि की है।प्रखंड समिति ने शिक्षकों को कार्यमुक्त कर दिया है।
सुधरी स्कूल की हालत
महागामा के बीईईओ हरिप्रसाद ठाकुर ने बताया कि डीईओ ने शिक्षक मो. रफीक और मो. ताजुद्दीन को कार्यमुक्त कर दिया है।मो. नियाज को वहां प्रतिनियुक्त कर दिया गया है। मो. नियाज अहमद ने शनिवार से विद्यालय का संचालन शुरू कर दिया है। इधर, बीडीओ और बीईईओ ने स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल में 48 बच्चे पाए गए।स्कूल में मध्याह्न भोजन बन रहा था।पीएचईडी विभाग हैंडपंप को ठीक करा रहा है। बच्चों को किताब बैग और मध्याह्न भोजन की राशि भी दी गई है।बीईईओ हरिप्रसाद ने विद्यालय प्रबंधन समिति भंग कर दी है। रविवार को नई प्रबंधन समिति गठित होगी।
आपको बता दें कि गोड्डा के 12 वर्षीय छात्र सरफराज ने स्कूल की बदहाल व्यवस्था की पोल खोल दी थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल की सफाई करा दी गई थी।





