प्रतिनिधि,जमशेदपुर। सीतारामडेरा क्षेत्र के रेडियो मैदान के पास होल्डिंग नंबर 293 निवासी लीना बनर्जी अपने बिल्डिंग में स्थित फ्लैट में लगे सील को तोड़कर निर्माण कार्य करवा रही थी। वहीं जब इसकी जानकारी जमशेदपुर अक्षेस विभाग के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार को मिली तो उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया। जिसके बाद विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर चल रहे निर्माण कार्य को बंद कराते हुए पुनः फ्लैट को सील कर दिया। साथ ही भवन मालिक को दोबारा सील तोड़कर काम करने पर कानूनी कार्रवाई करने की सख्त चेतावनी भी दी है।





इसी तरह न्यू सीतारामडेरा एरिया होल्डिंग नंबर 838 निवासी रामजी शर्मा द्वारा नक्शा का विचलन कर निर्माण कार्य करवाया जा रहा था। जिसकी सूचना पाकर टीम ने मौके पर पहुंचकर चल रहे निर्माण कार्य को बंद कराते हुए उक्त भवन को भी सील कर दिया। जबकि साकची ठाकुर बारी रोड स्थित बिल्डिंग में पार्किंग का व्यवसायिक कार्यों में उपयोग होता देखकर जमशेदपुर अक्षेस विभाग की टीम ने सख्त हिदायत देते हुए पार्किंग को खाली करने का आदेश भी दिया। साथ ही खाली नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। मौके पर नगर प्रबंधक सोनल सिंह, कनीय अभियंता प्रणव कुमार ठाकुर, कर्मी गणेश राम समेत उड़नदस्ता टीम मौजूद थी।